Jabalpur News: भू-माफिया के मंसूबे पर फिरा पानी, 25 हजार 47 वर्गफुट जमीन नगर निगम ने ली वापस
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा जमाने और लीज की शर्तों का उल्लंघन करने वाले भूमाफियाओं के विरुद्ध नगर निगम ने एक बड़ी निर्णायक सफलता हासिल की है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के कड़े रुख, पारदर्शी, सूझबूझ और तत्परता के चलते, नगर निगम को बाजार मूल्य के हिसाब से 50 करोड़ रूपये की सम्पत्ति वापिस मिली है। इस संबंध में निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि म्युनिसीपल प्लाट क्रमांक 51 की लीज निरस्त कर 25 हजार 47 वर्गफुट जमीन को निगम ने अपने कब्जे में वापिस ले लिया है।
उन्होंने बताया कि काफी समय से इस बेशकीमती जमीन पर लीज की आड़ में प्रशासन को गुमराह करने का कूटरचित खेल चल रहा था। लीजधारी द्वारा लीज की शर्त क्रमांक 3, 5, 6, 7, 8 एवं 10 का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा था। जब यह मामला निगमायुक्त के संज्ञान में आया, तो उन्होंने तथ्यों की गहन जांच के बाद लीज को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश जारी किया है। आयुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि इस भूमि पर अब संभाग क्रमांक 13, स्वास्थ्य विभाग का उप-कार्यालय खोला जाएगा और इस कार्यालय के माध्यम से जनहित के कार्य किये जाएंगें।
उल्लेखनीय है कि लीजधारक के द्वारा निगम स्वामित्व की जमीन को निगम से बिना अनुमति लिये गुमराह करते हुए दान एवं वसीयत कर दिया गया था, जिसकी जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से नगर निगम प्रशासन को लगी थी। जानकारी लगने पर निगमायुक्त श्री अहिरवार के द्वारा तत्परता दिखाते हुए प्रकरण की संपदा विभाग के अधिकारियों से सूक्ष्म जाॅंच करवाई गयी जिसमें पाया गया कि लीजधारी द्वारा नगर निगम के स्वामित्व की भूमि को निगम की बिना अनुमति के दान कर दिया गया एवं उक्त भूखण्ड पर बिना अनुमति व्यापारिक उपयोग किया जा रहा था। लीजधारक द्वारा वर्ष 2020-21 से लीज भू-भाड़ा भी जमा नहीं किया गया और लीज के शर्तो का उल्लंघन किया जाकर कूटरचित तरीके से प्रशासन को गुमराह करते हुए दान करने की कार्रवाई की गयी जो परीक्षण में अनुचित पाया गया, जिसके कारण लीज निरस्त कर नगर निगम जबलपुर ने भू-खण्ड को लीज डीड की कंडिका 6 के अंतर्गत भू-खंड पर पुनः प्रवेश स्थापित कर लिया है।