Jabalpur News: युवती की हुई सनसनीखेज अंधी हत्या का खुलासा, प्रेमी और उसके दोस्त निकले हत्यारे
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। बीती 15 फरवरी को थाना पाटन अंतर्गत एमएम इंटरनेशनल स्कूल के पीछे ग्राम सिमरिया में खेत की मेढ़ पर मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि युवती की पहचान गढ़ा निवासी तनु चक्रवर्ती 18 वर्षीय के रूप में होने के बाद जब पड़ताल की गई तो पता चला कि युवती के प्रेमी और उसके तीन साथियों ने मिलकर उसे मौत के घाट उतारा था।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 15 फरवरी को पाटन के सिमरिया में मिली एक युवती की लाश के मामले में जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष गुप्ता (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन 2 सुश्री पल्लवी शुक्ला के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पाटन लोकेश डाबर एवं थाना प्रभारी पाटन गोपिन्द्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित कर लगायी गई थी।
पहली शिनाख्ती में जुटी रही पुलिस -
पतासाजी के दौरान आस पास के थाना क्षेत्रों में पंजीबद्ध गुम बालिकाओं के संबंध में कन्ट्रोल रूम के माध्यम से समस्त थानों को सूचित किया गया तथा सोशल मीडिया पर मैसेज सर्कुलेट करते हुए मृतिका की शिनाख्तगी के हर संभव प्रयास किए गए। घटना स्थल के आस पास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गए तथा वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। इसी दौरान एक युवती के गुम होने की सूचना तिलवारा पुलिस को मिली। मृतिका की फोटो परिजनों को दिखाए जाने पर परिजनों द्वारा मृतिका की पहचान अपनी बेटी तनु चक्रवर्ती उम्र 18 वर्ष 6 माह निवासी गढा के रूप में की गई।
शादी करना चाहती थी तनु-
मृतिका की पहचान हो जाने के बाद मृतिका के परिजनों द्वारा योगेश उर्फ ईशु गौंड (ठाकुर) पर संदेह व्यक्त करते हुए बताया कि उक्त दोनों के बीच में पूर्व से प्रेम प्रसंग रहा है, तनु चक्रवर्ती योगेश से शादी करना चाहती थी। संदेही योगेश उर्फ ईशु को तलाश करते हुये तत्काल अभिरक्षा में लिया जाकर पूछताछ की गई। जिसने बताया कि तनु चक्रवर्ती उससे प्रेम करती थी और शादी करना चाहती थी। शादी के लिए बार बार उस पर दबाव बना रही थी, लेकिन वह तनु चक्रवर्ती से शादी नहीं करना चाहता था।
वेलेंटाइन डे के बहाने मिलने बुलाया
इसी लिए 14 फरवरी वैलेंटाइन डे पर उसने तनु चक्रवर्ती को मिलने बुलाया था। तनु चक्रवर्ती की सहेली की शादी थी। जिसमें शामिल होने का बहाना लेकर तनु चक्रवर्ती उससे मिलने आई। वह अपने 3 साथिय़ों के साथ तनु चक्रवर्ती का इंतजार में था, फिर अपनी टू व्हीलर से तनु चक्रवर्ती को घटना स्थल पर लेकर पहुंचा, उसके 03 अन्य दोस्त भी घटना स्थल एम.एम.स्कूल के पास पहुंचे, चूंकि वह पूर्व में भी तनु चक्रवर्ती को लेकर उक्त घटनास्थल तनु चक्रवर्ती का जाना पहचाना क्षेत्र था, तनु चक्रवर्ती उसके साथ उस स्थान पर जाने के लिए तैयार हो गई थी।
शादी की जिद पर कर दी हत्या -
जिसके बाद पुनः शादी की बात को लेकर उसके एवं तनु चक्रवर्ती के बीच वाद विवाद हुआ तो उसने अपने 03 अन्य साथियों के साथ मिलकर तनु चक्रवर्ती का गला दबाकर एवं सिर चेहरे पर पत्थर पटककर हत्या कर दी।प्रकरण में आरोपी योगेश उर्फ ईशु गौंड के अन्य 2 साथी पंकज बर्मन एवं राजा उर्फ अंकित श्रीवास को भी अभिरक्षा में लिया गया है एवं 1 अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
उल्लेखनीय भूमिका - अंधी हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी पाटन श्री गोपिन्द्र सिंह राजपूत, थाना प्रभारी तिलवारा श्री बृजेश मिश्रा, थाना प्रभारी सिविल लाइन श्री अनूप नामदेव, चौकी प्रभारी नुनसर उप निरीक्षक विपिन तिवारी , थाना पाटन से उप निरीक्षक आकाश दीप साहू, उप निरीक्षक जितेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक राममिलन, रूपेश, आरक्षक धनंजय, अऩुराग, दिनेश विश्वकर्मा, दिनेश मीना, राघवेन्द्र , राजा तथा थाना तिलवारा के उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास, प्रधान आरक्षक सतीश शुक्ला, जयशंकर , आरक्षक राजेश गुप्ता, एवं थाना सिविल लाइन से प्रधान आरक्षक प्रदीप गुप्ता, रामसहाय, आरक्षक सुनील पारधी, सायबर सेल के उप निरीक्षक कपूर सिंह मरावी व अन्य की सराहनीय भूमिका रही ।