Jabalpur News: पैसे निकालने बैंक आए वृद्ध को पकड़ा दिया कागज का बंडल, अब सीसीटीवी में कैद संदिग्धों को तलाश रही पुलिस

Jabalpur News: पैसे निकालने बैंक आए वृद्ध को पकड़ा दिया कागज का बंडल, अब सीसीटीवी में कैद संदिग्धों को तलाश रही पुलिस

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत सुहागी स्थित एक बैंक में दिनदहाड़े ठगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां जालसाजों ने एक वृद्ध को अपना शिकार बनाते हुए उनके 98 हजार रुपए पार कर दिए। पीड़ित वृद्ध की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक वृद्ध दत्तराम केवट अपनी जमा राशि निकालने के लिए सुहागी स्थित बैंक पहुंचे थे। उन्होंने बैंक काउंटर से 98 हजार रुपये की नकदी निकाली और उसे लेकर बैंक के अंदर ही रुके थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो अज्ञात युवकों ने उन्हें अपनी बातों के जाल में उलझा लिया।

शातिर ठगों ने बेहद सफाई से दत्तराम के हाथ में मौजूद असली नोटों की गड्डी को नकली गड्डी से बदल दिया। वृद्ध जब तक कुछ समझ पाते, दोनों आरोपी बैंक से बाहर निकलकर फरार हो चुके थे। ​ ​जालसाजों के जाने के कुछ देर बाद जब दत्तराम केवट ने अपने पास मौजूद नोटों की गिनती शुरू की, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

आरोपियों ने ठगी के लिए जो गड्डी थमाई थी, उसमें ऊपर और नीचे की तरफ तो असली नोट की तरह दिखने वाले कागज लगे थे, लेकिन बीच के हिस्से में केवल खाली कागज भरे हुए थे। पीड़ित ने तुरंत इस घटना की जानकारी बैंक प्रबंधन को दी, जिसके बाद अधारताल थाना पुलिस को सूचित किया गया।

एएसपी सुर्यकांत शर्मा ने बताया कि  बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें दोनों संदिग्ध जालसाज वृद्ध के साथ बातचीत करते और गड्डी बदलते हुए कैद हुए हैं। अधारताल पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी लगे कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि हुलिए के आधार पर जल्द ही दोनों ठगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DWBd-G9Ecn4/?igsh=Ym1oYm11amZiNmd4