Jabalpur News: नशे में धुत कर्मचारी ने RDVV कुलगुरु से की अभद्रता, कुलसचिव ने कराई एफआईआर, निलंबित हुए

Jabalpur News: नशे में धुत कर्मचारी ने RDVV कुलगुरु से की अभद्रता, कुलसचिव ने कराई एफआईआर, निलंबित हुए

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में मंगलवार को कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा से एक कर्मचारी मनीष पाण्डेय (लिपिक) द्वारा की गई अभद्रता का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

RDVV कुलसचिव ने बताया कि पूरा घटनाक्रम मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने स्थित उद्यान में होना बताया जा रहा है। जहां शराब के नशे में धुत होकर कर्मचारी ने अभद्रता एवं अशोभनीय टिप्पणी की गई। इसके पूर्व मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने उद्यान में भी कुछ देर तक हंगामा किया गया।

जहां देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद कुलगुरु ने तत्काल कुलसचिव को मनीष पाण्डेय के इस अशोभनीय कृत्य के लिए एफआईआर कराने के निर्देश दिए गए एवं कुलसचिव द्वारा थाना सिविल लाइन में एफआईआर दर्ज करा दी गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पूर्व में मनीष पाण्डेय द्वारा 9 अप्रैल को रात्रि 11 बजे विश्वविद्यालय के चौकीदारों से नशे में धुत होकर गाली-गलौज की गई। जिसकी जाँच चल रही है। इसी प्रकार कार्यालय छात्र कल्याण अधिष्ठाता में भी डेढ़ वर्ष पूर्व राघवेन्द्र श्रीवास्तव से भी शराब के नशे में मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ दिए गए थे जिसकी जाँच चल रही है। कुलगुरु प्रो. वर्मा ने स्पष्ट तौर पर कहा कि इस तरह की अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।