Jabalpur News: ट्रक ने ऐक्टिवा सवारों को रौंदा:एक महिला की मौत, परिजनों ने लगाया सुनियोजित हत्या का आरोप
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। सोमवार रात लम्हेटा बाइपास पर एक ट्रक ने स्कूटर सवारों को रौंद दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरा वाहन सवार बुजुर्ग सुरक्षित है। मौके पर तिलवारा थाना पुलिस पहुंची और शव को पीएम के लिए ले गई।मृतका स्वरुपा झारिया (38) तिलवाराघाट की रहने वाली थी। परिजनों का आरोप है कि यह मामला सड़क दुघर्टना का नहीं है, बल्कि सुनियोजित हत्या का है।
बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद रात करीब 11 बजे मृतका की बड़ी बेटी के मोबाइल पर कॉल आया कि जल्दी से लम्हेटा बाइपास आ जाओ। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां अनिल और उसका बेटा अभय पहले से मौजूद थे। स्वरुपा के बारे में पूछने पर बताया गया कि किसी अज्ञात ट्रक ने टक्कर मारते हुए उसे करीब 50 मीटर तक घसीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इधर,मंगलवार को पीएम होने के बाद परिजन शव को एम्बुलेंस में रखकर तिलवारा थाने पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने मांग की है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच हो। मृतका की बड़ी बेटी खुशी झारिया ने आरोप लगाया कि मां की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई, बल्कि उनकी हत्या की गई है।उनका आरोप है कि चलती गाड़ी से मां को धक्का दिया गया, जिसके कारण उनकी मौत हुई।
दरअसल,मृतका स्वरुपा झारिया करीब दो साल से एक रिपोर्ट में माली का काम करती थी। 6 महीने पहले उसने वहां जाना छोड़ दिया था। आरोप है कि जिसके बाद से रिपोर्ट का मालिक लगातार उस पर काम करने का दबाव बना रहा था। परिजनों का हंगामा देख तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि,पूरे घटनाक्रम की जांच करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि देर रात को अनिल पचौरी टू-व्हीलर से स्वरुपा को लेकर जा रहा था, तभी ये हादसा हुआ।