Jabalpur News: गेहूं खरीदी केंद्रों को लेकर असमंजस, आखिर कैसे होगा उपार्जन
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। गेहूं उपार्जन को लेकर आज मंगलवार का दिन ही शेष बचा है, लेकिन अभी तक एक भी खरीदी केंद्र फाइनल नहीं हो सका है। एक दिन पहले तक अधिकारी इस बात का दावा कर रहे थे, कि 45 केंद्र प्रस्तावित हो गए हैं। जहां खरीदी शुरू हो सकती है, लेकिन अभी तक 1 भी केंद्र फाइनल नहीं हो सका है।
कलेक्टर के अवकाश में होने के कारण कोई भी अधिकारी इन केंद्रों पर अपनी मुहर नहीं लगा रहा है। खाद्य आपूर्ति विभाग से लेकर नान के अधिकारी भी इससे बच रहे हैं। अब हालात ऐंसे हैं कि आज शासकीय अवकाश होने के कारण इस विषय में कोई कार्य नहीं हो पाएगा और बुधवार से खरीदी प्रारंभ की जानी है।
ऐसे में इस एक दिन में प्रशासन कहां तक तैयारी कर पाएगा, यह कहना संभव नहीं है। वहीं किसान भी वेयर हाउस के चक्कर लगा रहे हैं कि उन्हें किस केंद्र में गेहूं बेचना है। विभागीय अधिकारियों द्वारा रुचि नहीं लिए जाने के कारण इस बार खरीदी समय पर प्रारंभ होना अब संभव दिखाई नहीं दे रही है।
4 मर्तबा बढ़ चुकी तारीखें- गौरतलब है कि शासन के निर्देश पर समय पर गेहूं उपार्जन का कार्य प्रारंभ किया जाना था, मगर स्थानीय स्तर पर तैयारियां नहीं होने के कारण 24 मार्च से शुरू होने वाली खरीदी की तारीख बढ़ाकर पहले एक अप्रैल की गई। इसके बाद 7 और अब 15 अप्रैल कर दी गई है। शासन की इस लेटलतीफी से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।