Jabalpur Breaking News: खितौला में सरेराह चिंटू की गोली मारकर हत्या
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। गुरुवार को खितौला थाना अंतर्गत बारीबहु स्टेडियम के पास रेत कारोबारी की दो युवकों ने सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। इस जघन्य हत्या कांड़ से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। जिसमें साफ साफ दिख रहा है कि एक बदमाश ने रेत कारोबारी को पकड़कर सड़क पर पटक दिया, तभी दूसरे बदमाश ने रेत कारोबारी के सिर से सटाकर तीन गोलियां चला दीं। वारदात दोपहर करीब एक बजे की है। हमलावर जिस मोटरसाइकिल पर आए थे, उसी पर बैठकर भाग निकले।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान रेत कारोबारी धर्मेंद्र सिंह ठाकुर उर्फ चिंटू (45) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि धर्मेंद्र का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। साथ ही धर्मेंद्र के मोबाइल, कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है, जिससे वारदात से जुड़ा कोई इनपुट मिल सके।
धर्मेंद्र के छोटे भाई राहुल ठाकुर ने बताया- भैया और सिहोरा निवासी अस्सू विश्वकर्मा के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। कुछ साल पहले भी अस्सू ने चिंटू पर गोली चलाई थी। हमने एफआईआर की तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से हत्या की धमकी दी थी। अस्सू पर मारपीट, लूट और डकैती जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। राहुल ने बताया कि धर्मेंद्र ने सिहोरा नगर पालिका पार्षद का चुनाव भी लड़ा था।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DSIFigRgbgc/?igsh=Yno2bHN5NzVsbG5j