Jabalpur News: VFJ चार्जमैन की मौत का मामला गर्माया, शाम को यूनियनें घेरेंगी रांझी थाना

Jabalpur News: VFJ चार्जमैन की मौत का मामला गर्माया, शाम को यूनियनें घेरेंगी रांझी थाना
मृतक की पत्नी

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। वाहन निर्माणी जबलपुर (व्हीएफजे) में गत रविवार को एक चार्जमैन द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला गर्माता जा रहा है। अर्नबदास गुप्ता ने बताया कि आज ऑल इंडिया डिफेस एम्पलाईज फेडरेशन (एआईडीईएफ) से संबद्भ जबलपुर की समस्त यूनियनें प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आज शाम रांझी पुलिस थाना घेराव करेंगी।

इस घटना को लेकर कर्मचारियों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। शहर में स्थित हर निर्माणी के कर्मचारियों का कहना है कि निगमीकरण के बाद प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों पर काफी दबाव डाला जा रहा है। इतना ही नहीं बिना सोचे समझे किसी भी कर्मचारी को कोई भी कार्य थमा दिया जाता है। जिसके चलते कर्मचारियों में मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि रविवार को शाम 5 से 6 बजे के बीच वीएफजे में कार्यरत कंचनपुर निवासी कर्मचारी सैमसन मार्टिन (57) ने अपने कार्यालय में फांसी लगा ली थी। मृतक द्वारा छोड़े गए एक सुसाइड नोट में उसने कार्य की अधिकता और तनाव को आत्महत्या का कारण बताया था। सुसाइड नोट को जब्त करते हुए जांच शुरू कर रही है। 

8 रूपए के डिफरेंस के कारण अटकी थी फाइल-

मृतक चार्जमैन सैमसन मार्टिन की पत्नी ने मीडिया को बताया कि उसके पति फिटर थे, लेकिन उन्हें जबरन नया दायित्व सौंपा गया था। उन्हें बिल बनाना नहीं आता था। एक बिल में आठ रूपए का डिफरेंस आ रहा था। जिसके कारण उनके वरिष्ठ अधिकारी फाइल में हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे। इतना ही नहीं वे बार-बार अधिकारियों से गुहार लगाते रहे कि उनसे बिल बनाना नहीं आता है। लेकिन इसके बाद भी उन्हें उक्त काम कराया जा रहा था। इसी के चलते उनके पति तनाव में रहा करते थे।