Jabalpur News: चीफ ऑफ स्टाफ सेंट्रल कमांड ने जबलपुर आर्मी मुख्यालय मध्य भारत एरिया का किया दौरा
Jabalpur News: Chief of Staff Central Command visited Jabalpur Army Headquarters Central India Area

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर पहुंचे चीफ आॅफ स्टाफ (सेंट्रल कमांड) लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा मुख्यालय मध्य भारत एरिया और अन्य सैन्य संस्थानों का दौरा किया। उनके इस दौरे का उद्देश्य मध्य भारत एरिया के अंतर्गत सैन्य तैयारियों, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करना था।
सेंट्रल कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ ने मुख्यालय मध्य भारत एरिया पहुंचकर लेफ्टिनेंट जनरल, जनरल आफिसर कमांडिंग मध्य भारत एरिया और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ मुलाकात की और कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इसी दौरान लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा को मुख्यालय मध्य भारत एरिया और उसके अधीनस्थ सभी इकाईयों और ट्रेनिंग संस्थानों में चल रही ट्रेनिंग, प्रशासनिक और सामरिक तैयारियों के बारे में व्यापक जानकारी दी गयी।
जनरल अफसर ने अपनी विजिट के दौरान जबलपुर छावनी में मध्य भारत एरिया के सैन्य प्रतिष्ठानों का विंडशील्ड टूर किया, जिसके माध्यम से उन्होंने विभिन्न सैन्य क्षेत्रों और संस्थानों में जाकर संचालन और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अग्निवीरों के प्रशिक्षण को करीब से देखा और उन्हें पेशेवर सैनिकों में बदलने के लिए प्रदान की जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की।
सेंट्रल कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ ने सभी रैंकों से अपने आचरण में शारीरिक फिटनेस, उपकरणों का उचित रखरखाव और युद्ध कौशल के उच्च मानक बनाए रखने का भी आव्हान किया। इसके बाद जनरल अफसर ने सैनिकों के साथ बातचीत की और उन्हें जोश के साथ काम करना जारी रखने और भविष्य की किसी भी चुनौती के लिए तैयार रहने के लिए प्रेरित किया।