Jabalpur Cantt News: व्यापारियों से फिलहाल नही वसूला जाएगा बढ़ाया गया रेंट, पीसीबी और विधायक रोहाणी के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया निर्णय
Jabalpur Cantt News: The increased rent will not be recovered from the traders for now, the decision was taken after a meeting between PCB and MLA Rohani

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। बीते कुछ दिनों से कैंट बोर्ड द्वारा बढ़ाए गए रेंट को लेकर व्यापारियों में खास आक्रोश देखा जा रहा था। दरअसल, कैंट बोर्ड द्वारा संचालित मार्केट की दुकानों के किराए एकाएक कई गुणा बढ़ा दिया गया था। व्यापारियों का आरोप तो यह था कि कैंट बोर्ड ने सीधे एक हजार गुणा किराया बढ़ाते हुए वसूली प्रारंभ कर दी थी। इस विषय को लेकर कैंट विधायक और प्रेसीडेंट कैंट बोर्ड (पीसीबी) के बीच हुई बैठक में बीच का रास्ता निकाले जाने पर सहमति बनी है। जिसके बाद बढ़ाए गए मार्केट रेंट की वसूली को स्थगित कर दिया गया है।
बैठक के संबंध में विधायक अशोक रोहाणी ने बताया कि कैंट बोर्ड द्वारा संचालित मार्केट की दुकानों का रेंट बढ़ाए जाने के मामले में कैंट बोर्ड प्रेसीडेंट बिग्रेडियर दिनेश कुमार से चर्चा की गई। उन्हें वस्तु स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि नियमों के विपरित जाते हुए दुकानों का रेंट बढ़ाया गया है। जिसके कारण क्षेत्र के व्यापारी काफी घबराए हुए हैं। हमारी मंशा यह नही है कि कैंट बोर्ड को राजस्व की क्षति हो, लेकिन कोई भी संस्था एक दम से एक हजार गुणा रेंट में बढ़ोत्तरी नही करती हैं।
रेंट बढ़ाए जाने को लेकर नियम तय हैं, कैंट बोर्ड को भी उसका पालन करना चाहिए। विस्तृत चर्चा के उपरांत पीसीबी ने कैंट बोर्ड के बढ़ाए गए रेंट को स्थगित करने का आश्वासन दिया। वहीं पीसीबी ने कहा कि अगली बोर्ड बैठक में पुन: मार्केट रेंट के प्रकरण में मंथन किया जाएगा। उसके बाद नई रेंट लिस्ट को जारी किया जाएगा। विधायक रोहाणी ने कहा कि व्यापारी निश्चिंत रहे, उन्हें राहत मिलेगी। विधायक ने बताया कि बैठक के दौरान कैंट क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यो को लेकर भी चर्चा हुई। जैसे कि मेनरोड सदर बाजार में यातायात व्यवस्थित किया जाना आदि। बैठक में पूर्व बोर्ड मेंबर सुंदर अग्रवाल भी मौजूद थे।