Jabalpur News: रांझी बड़ा पत्थर में शराब दुकान खोले जाने का भाजपा पार्षदों ने किया विरोध, धरने पर बैठे
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी बड़ा पत्थर क्षेत्र एक और शराब दुकान खोले जाने का विरोध शुरू हो गया है। शनिवार को भाजपा पार्षदों और महिलाओं ने शराब दुकान खोले जाने के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के मुताबिक रांझी बड़ा पत्थर दुर्गा मंदिर के समीप एक शराब दुकान खोली जा रही थी, क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि उक्त क्षेत्र में पहले से ही एक शराब दुकान संचालित हो रही है। ऐसे में ठीक उसी क्षेत्र में दूसरी दुकान कैसे खोली जा रही है।
एम आई सी मेंबर दामोदर सोनी ने बताया कि दुर्गा मंदिर के पास खोली जा रही दुकान यहां से करीब दो किलोमीटर दूर परशुराम बस्ती के पास स्वीकृत है, लेकिन ठेकेदार निर्धारित स्थान को छोड़कर घनी आबादी वाले क्षेत्र में दुकान खोलने का प्रयास कर रहा था।
दामोदर सोनी ने बताया कि विरोध के बाद दुकान को वहां से हटा लिया गया है। विरोध प्रदर्शन में भाजपा पार्षद संतोषी ठाकुर, पार्षद अनुराग दाहिया एवं क्षेत्रीय जन सहित उपस्थित थे।