Jabalpur News: महिला को गांजे की खेप के साथ मुख्य रेलवे स्टेशन से जीआरपी ने पकड़ा
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफार्म नम्बर 4 व 5 के पैदल पुल के ऊपर दोपहर लगभग 3 बजे अफरा तफरी का माहौल देखा गया। दरअसल हुआ यह कि जीआरपी के जवान पुल के ऊपर दौड़ रही एक महिला का पीछा कर रहे थे। पीछा करते हुए आखिरकार लिफ्ट के पास महिला पुलिस कर्मी द्वारा भाग रही महिला को पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर पता चला कि आरोपित महिला के पास जो पिट्ठू बैग था उसमें गांजा रखा हुआ था और वह महिला पुलिस से बचने के लिए दौड़ लगाकर प्लेटफार्म के बाहर जा रही थी। स्टेशन सूत्रों ने बताया कि महिला सिहोरा के पास खितौला की रहने वाली है और वह अम्बिकापुर ट्रेन में सवार होकर सिहोरा से जबलपुर पहुंची थी।
गांजा प्रकरण के संदर्भ में जीआरपी ने बताया कि जीआरपी द्वारा प्लेटफार्म पर की जा रही विशेष चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन जबलपुर में फुट ओवर ब्रिज के ऊपर लिफ्ट के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखी जो कि पुलिस को आता देखकर भागने का प्रयास करने लगी,जिसे स्टॉफ की मदद से पकड़ लिया गया।
नाम पूछने पर उसने अपना नाम नीतू उर्फ रेखा उम्र 40 वर्ष बताया। उसके पास रखे पिट्ठू बैग को चेक करने पर उसके अंदर दो पैकिट कुल 3 किलो 150 ग्राम गांजा प्राप्त हुआ जिसे जीआरपी ने अपने कब्जे में लिया। एनडीपीएस की कार्रवाई करने पश्चात आरोपित महिला को आज न्यायालय में पेश कर दिया गया है।