Jabalpur News: धार्मिक उन्माद फ़ैलाने वालो पर हो रासुका की कार्रवाई,अधिवक्ताओं ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Jabalpur News: धार्मिक उन्माद फ़ैलाने वालो पर हो रासुका की कार्रवाई,अधिवक्ताओं ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में विगत दिनों एक युवक के साथ कथित मारपीट,अपमानजनक व्यवहार और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोपों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जबलपुर में भी अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंच ज्ञापन सौंपा अपना विरोध दर्ज कराया।

मामला 10 मई का है, जहां बजरंग दल क़े कार्यकर्ताओं पर आरोप है कि उन्होंने एक मुस्लिम युवक को होटल से बाहर निकालकर उस पर “लव जिहाद” का आरोप लगाया।मुस्लिम युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, उसके चेहरे पर काली सियाही और गोबर पोता गया तथा सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।

वीडियो में कथित तौर पर धार्मिक टिप्पणी और आपत्तिजनक नारेबाजी भी क़ी गई। जिससे धर्म विशेष की भावनाएं आहत हुई हैं। जिसके विरोध में अधिवक्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन अपर कलेक्टर ऋषभ जैन को सौंपकर रासुका के तहत कार्रवाई की मांग की।

अधिवक्ता मो.सलीम खान व शफी खान ने कहा कि भोपाल में जिस प्रकार की घटना घटित हुई तथा जिस प्रकार एक धर्म विशेष, विशेषकर मुस्लिम समुदाय, इस्लाम और अल्लाह के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक, अशोभनीय एवं भड़काऊ शब्दों का प्रयोग किया गया, वह न केवल सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि संविधान की मूल भावना के भी प्रतिकूल है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिवक्ता मो.सलीम खान,मुईन खान, अदनान अंसारी,जानी खान, शफी खान,शाहिद अली,शाहजाद खान,अख्तर अली,मो.इमरान,एम.एच चौधरी, सलामुद्दीन मंसूरी,आबिद मंसूरी,ए.के अशरफी, मकसूद नबी,सोहिब खान,आदि मौजूद थे।