Jabalpur Breaking News: भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष के भाई पर शराबियों ने चलाए दनादन चाकू

Jabalpur Breaking News: भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष के भाई पर शराबियों ने चलाए दनादन चाकू

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर से लेकर देहात इलाकों में इन दिनों चाकूबाजों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। आमजन तो दूर अब तो सत्ताधारी पार्टी के मुख्य पदाधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं। कचनार सिटी स्थित घर जाते वक्त देर रात एक युवक पर 3 आरोपियों से हमला कर घायल कर दिया। आरोपी बीच सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

हालांकि विजय नगर पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विजय नगर टीआई राजेन्द्र मर्सकोले ने बताया कि राजाराम पटैल उर्फ पिंटू पटैल बीती रात करीब 11.30 बजे गोलबाजार से कचनार सिटी अपने निवास पर वापस लौट रहे थे। जब वह एम आर फोर रोड के आगे पहुंचे तभी बीच रास्ते शराब पी रहे युवकों ने उन्हें रोक लिया।

पिंटू ने रोकने का कारण पूछा तो युवकों ने गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू निकाल कर वार किए, जिससे घायल को सिर, हाथ और पीठ पर गंभीर चोट आ गर्इं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शिकायत पर हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। 

भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष के भाई-- बताया गया कि चाकूबाजी में घायल हुए पिंटू पटैल स्वयं पूर्व पार्षद रह चुके हैं। वहीं भाजपा के जिला ग्रामीण अध्यक्ष राज कुमार पटैल के भाई हैं। देर रात हुई अचानक चाकूबाजी से राजनैतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गर्इं हैं।