Jabalpur News: पूर्व सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा के खिलाफ आरोप तय, विभागीय जांच तेज...15 दिनों में मांगा जवाब
आर्य समय संवाददाता भोपाल/जबलपुर। मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में उस समय सनसनी फैल गई, जब जबलपुर जिले के तत्कालीन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा के खिलाफ गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के चलते विभागीय जांच शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो गई।
भोपाल संभाग के क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय से जारी पत्र में डॉ. मिश्रा को शासन द्वारा जारी आरोप पत्र तामील किया गया है। जिसमें उन पर करोड़ों का घोटाला कर बिना सामान आए ही भुगतान करने का आरोप लगाया है। आयुक्त की मंजूरी के बाद जारी इस नोटिस में डॉ. मिश्रा से 15 दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है।
यदि वे तय समय में अपना प्रतिवाद उत्तर प्रस्तुत नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ एकपक्षीय दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। डॉ. मिश्रा वर्तमान में निलंबित चल रहे हैं। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 14(3) के तहत प्रस्तावित विभागीय जांच के अंतर्गत की गई है। क्षेत्रीय संचालक कार्यालय भोपाल ने डॉ. मिश्रा को निर्देशित किया है कि वे नोटिस प्राप्त कर अपना जवाब तत्काल प्रस्तुत करें, ताकि संचालनालय को आगे की जानकारी भेजी जा सके।