Jabalpur News: जल गंगा संवर्धन अभियान में लोक निर्माण मंत्री ने किया संग्राम सागर में श्रमदान

Jabalpur News: जल गंगा संवर्धन अभियान में लोक निर्माण मंत्री ने किया संग्राम सागर में श्रमदान

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। प्रकृति द्वारा प्रदत्त पर्यावरण हमारे लिए अनुपम उपहार है एवं इसके संरक्षण हेतु हमारे पूर्वजों ने अनुकरणीय कार्य किए यह अनुपम विरासत हमें सौंपी है, हमारे पूर्वजों की दूरदृष्टि के कारण इस तरह की जल संरचना तैयार की गई जिससे जल का स्तर कम न हो सके, परिणामस्वरूप जबलपुर में 52 ताल तलैया जल संवर्धन एवं संरक्षण के लिए बनाए गये, उनमें से एक संग्राम सागर तालाब जिसे गौंड काल में राजा संग्राम शाह ने बनवाया था।

ऐसी विरासतें हमारे पूर्वजों ने हमे सौंपी है तो हमारा भी पूर्ण दायित्व है कि हम आने वाली पीढ़ी को उपहार स्वरूप ये धरोहर प्रदान करें, यह बात लोकनिर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने घर जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत संग्राम सागर में श्रमदान पश्चात जनता से संवाद में कहीं। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सोमवार को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर संस्कारधानी के ऐतिहासिक आस्था के केंद्र संग्राम सागर तालाब में एक भव्य स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अगुवाई में आयोजित इस अभियान में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने पूरी श्रद्धा, उत्साह के साथ श्रमदान किया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि विरासत भी और विकास भी, वैसे ही यह संग्राम सागर हमारी समृद्ध धरोहर है।

जिसे विकसित करने हेतु हम निरंतर प्रयास करते आए हैं। आज आप सभी ने अपने समृद्ध धरोहर को विकसित करने हेतु जो श्रमदान किया है वह अनुकरणीय है जो आपकी इस प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि आप अपने आने वाली पीढ़ी को समृद्ध एवं विकसित धरोहर देकर उनके जीवन में एक अमूल योगदान देंगे।

राकेश सिंह ने कहा कि संग्राम सागर जो हमारी ऐतिहासिक धरोहर है पूर्व में हमने 15 दिनों तक श्रमदान किया। इसकी सफाई कार्यकर्ताओं एवं जनता के साथ मिलकर की, संग्राम सागर को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना के साथ विकास प्रारंभ किया इसमें पाथवे निर्माण, लाइटिंग, उद्यान के साथ ही कैफेटेरिया भी बनाया गया अब इसे अधिक सुंदर स्वरूप प्रदान करने हेतु सामने की ओर विकसित किया जा रहा है।

जिसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार हुई है।अब संग्राम सागर में एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और आकर्षक फूड जोन "वीरांगना व्यंजन वाटिका" के रूप में विकसित किया जाएगा। जिसमें सभी नागरिक लगभग 52 विभिन्न व्यंजनों के साथ प्रकृति का आनंद लेंगे। तब संग्राम सागर का भव्य स्वरूप दिखाई देगा। इसके साथ ही ठाकुरताल जहां पूर्व में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मेरे आग्रह पर एक अभ्यारण्य जू कम रेस्क्यू सेंटर विकसित की घोषणा की है।

उस बहुप्रतिक्षित ठाकुरताल अभ्यारण्य जू कम रेस्क्यू सेंटर को संग्राम सागर के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के आनंद के साथ पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद प्राप्त हो। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत आयोजित संग्राम सागर सफाई हेतु श्रमदान में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, जिला पंचायत के अध्‍यक्ष आशा मुकेश गोटिया, नगर निगम अध्‍यक्ष रिकुंज विज, पंकज दुबे, अभय सिंह ठाकुर, श्रीराम शुक्ला, शैलेंद्र विश्वकर्मा, नरेश पटेल, प्रशांत दुबे गुल्लन, प्रणय गुप्ता संतोष यादव, सहित अन्‍य नागरिक मौजूद थे।