Jabalpur News: रातों-रात बदली शराब दुकान की जगह, विरोध में उतरे कैंट विधायक के समर्थक; कहा- 'किसी भी कीमत पर नहीं खुलने देंगे दुकान
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। बड़ा पत्थर क्षेत्र में नई शराब दुकान खोले जाने को लेकर स्थानीय नागरिकों और कैंट विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी के समर्थकों ने मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, इस दुकान का जनता द्वारा लंबे समय से विरोध किया जा रहा था, जिसके बाद विधायक के हस्तक्षेप से कल रात ही इसे निचले क्षेत्र से हटवा दिया गया था।
लेकिन शराब ठेकेदारों ने रातों-रात इस दुकान को अवैध रूप से उसी क्षेत्र के दूसरे हिस्से में शिफ्ट कर दिया। सुबह जैसे ही इस बात की भनक स्थानीय लोगों और विधायक को लगी, क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और विधायक के निर्देश पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे भाजपा पार्षद दामोदर सोनी ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि वे क्षेत्र की शांति व्यवस्था को भंग नहीं होने देंगे और किसी भी कीमत पर यहाँ शराब दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कैंट विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी बड़ा पत्थर क्षेत्र में शराब दुकान न खुलने देने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध हैं, क्योंकि इससे आम नागरिकों और महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। फिलहाल प्रदर्शनकारियों ने दुकान के सामने डेरा डाल दिया है और उनका कहना है कि जब तक इस दुकान को यहाँ से पूरी तरह हटा नहीं दिया जाता, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।