Jabalpur News: घोड़ी वाले की बदमाशों ने की हत्या
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत सोमवार देर रात शादी में घोड़ी किराए से चलाने वाले युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना स्लॉटर हाउस के समीप रात करीब 12.30 बजे की बताई जा रही है, जहां कुछ असामाजिक तत्वों ने मोहम्मद सादिल उर्फ मोनू (24) पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मोनू को परिजन तत्काल विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक बारातों में घोड़ी उपलब्ध कराने का काम करता था। इसी दौरान घोड़ी हटाने को लेकर उसका जीशान नामक युवक से विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते जीशान ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोनू पर चाकुओं से हमला किया। परिजनों ने बताया कि मोनू बारात से लौटने के बाद घोड़ी बांधकर घर वापस आ रहा था, तभी रास्ते में पांच से छह लोगों ने उसे घेर लिया और अचानक हमला कर दिया।
आरोपियों ने उस पर कई वार किए और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही हनुमानताल पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DWiyImgkSCS/?igsh=dGF0NGViNDYzempp