Jabalpur News: गेहूं उपार्जन में लाखों का गोलमाल, 10 पर एफआईआर दर्ज

Jabalpur News: गेहूं उपार्जन में लाखों का गोलमाल, 10 पर एफआईआर दर्ज

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के मझौली में गेहूं उपार्जन में लाखों रुपए का गोलमाल हुआ है। इस गोलमाल का खुलासा जिला प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में हुआ है। जिसके बाद रीना लोधी, शुभम बर्मन, मयूरी लोधी, प्रमोद कुमार मिश्रा, प्रकाश पाण्डेय, अमन पाण्डेय, आकाश पाण्डेय, अनिल पटेल और रिंकू साहू सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रशासनिक जांच और भौतिक सत्यापन के दौरान उपार्जन केंद्र के स्टॉक से कुल 5168.70 क्विंटल गेहूं कम पाया गया। आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से पोर्टल पर फर्जी एंट्री और सरकारी बारदाने की हेराफेरी की। इस महाघोटाले में पहली बार खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ एनआरएलएम के कर्मचारी, ग्राम संगठन के पदाधिकारी, सर्वेयर और बिचौलियों पर सीधे आपराधिक मामला दर्ज हुआ है। ​

जांच दल को भौतिक सत्यापन के दौरान उपार्जन केंद्र के वास्तविक स्टॉक और कंप्यूटर पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों में बहुत बड़ा अंतर मिला। सरकारी रिकॉर्ड की तुलना में मौके से 5168.70 क्विंटल गेहूं पूरी तरह गायब था, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1.35 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस पूरी गड़बड़ी को अंजाम देने के लिए सरकारी बारदानों के इस्तेमाल और उनके आधिकारिक रिकॉर्ड में भी बड़े पैमाने पर हेरफेर किया गया। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बिना किसी वास्तविक अनाज की आवक के ही कंप्यूटर पोर्टल पर फर्जी एंट्री दर्ज कर दी ताकि कागजों पर स्टॉक को सही दिखाया जा सके। ​