Jabalpur News: पत्नी के बाद पति की वीएफजे इस्टेट के खंडहर में बिजली तार के फंदे से लटकी मिली लाश

Jabalpur News: पत्नी के बाद पति की वीएफजे इस्टेट के खंडहर में बिजली तार के फंदे से लटकी मिली लाश
जीवित अवस्था का चित्र

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शुक्रवार को अधारताल न्यू कंचनपुर स्थित एक किराए के मकान में संदिग्ध स्थितियों में 35 साल की नेहा सिंह की लाश मिलने के बाद अधारताल पुलिस संदेह के आधार पर उसके पति मयंक सिंह हो तलाश रही थी, इसी बीच शनिवार सुबह रांझी थाना क्षेत्र वीएफजे इस्टेट के खंडहर कर्मचारी क्वार्टर में महिला के पति मयंक की लाश फंदे में लटकी हुई मिली है।

संभवत: मयंक सिंह ने आत्महत्या करने के लिए फांसी लगा ली है। रांझी पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामले की सूचना अधारताल पुलिस को दी है। रांझी पुलिस ने पति मयंक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि शुक्रवार की शाम वीएफजे इस्टेट में उक्त युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ सुरक्षा कर्मियों को दिखा था। लेकिन उसे पकड़ा जाता इसके पहले वो अपना वाहन छोड़कर भाग गया था। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें एक सुसाइड नोट मिला था, जिसके बाद से लगातार उनकी तलाश की जा रही थी।

इसी दौरान आज सुबह युवक की लाश मिलने की सूचना मिली। मृतक की पहचान मयंक सिंह पिता प्रताप सिंह 40 वर्ष कंचनपुर थाना आधारताल स्थाई पता ग्राम जुगिया थाना बड़वारा तहसील विजय राघव गढ़ कटनी के रूप में हुई है। मर्ग कायम करके जाँच में लिया जा रहा है। गौरतलब है कि न्यू कंचनपुर में स्थित मकान के मालिक ने अधारताल थाना पुलिस को सूचना दी कि उनके किराएदार पति-पत्नी पिछले 2-3 दिनों से दिखाई नहीं दे रहे हैं। बंद कमरे के भीतर से तेज बदबू आ रही है।

सूचना पर अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। कमरे का ताला तोड़कर पुलिस दाखिल हुई तो रसोई में 35 वर्षीय नेहा सिंह का शव पड़ा मिला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरिप्रंट विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था।

पति मयंक के लापता होने पर पुलिस को प्रारंभिक तौर पर उस पर संदेह हुआ, पुलिस मयंक की तलाश में जुट गई थी। रात में वह रेलवे ट्रेक की ओर जाता भी दिखाई दिया था।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DZPHavQxUAu/?igsh=MXV4MnZjejhvY290cQ==

नेहा ने की थी दूसरी शादी- मृतका की पहचान 35 वर्षीय नेहा सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मदन महल क्षेत्र के अमानपुर की रहने वाली थी और अपने दूसरे पति मयंक सिंह के साथ किराए के मकान में रह रही थी। नेहा के पहले पति की मौत हो चुकी थी। नेहा ने कटनी निवासी मयंक सिंह से दूसरा विवाह किया था। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने यह बताया था कि महिला की मौत 2-3 दिन पहले हुई होगी. शव काफी हद तक सड़ चुका है। माता-पिता की मौत के बाद से 8 साल का मासूम बेटा डरा सहमा हुआ है।