Jabalpur Lokayukta News:25 हजार रिश्वत लेते नगर पालिका के बाबू शिकंजे में

Jabalpur Lokayukta News:25 हजार रिश्वत लेते नगर पालिका के बाबू शिकंजे में

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर/नरसिंहपुर। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने नगर पालिका में टेंडर वर्क करने के एवज में रिश्वत मांगने वाले बाबू को रंगेहाथ पकड़ा है। मामला नगर पालिका नरसिंहपुर से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक शांति नगर दमोह नाका जबलपुर निवासी भीष्म राजपूत ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को एक लिखित शिकायत सौंपी थी।

जिसमें बताया गया था कि उसे नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में पेवर ब्लॉक लगाने का टेंडर वर्ष 25 में मिला था। जिसमें एफडीआर एवं पीजी राशि के रूप में 50000 रुपए की राशि बैंक गारंटी के रूप में रखी थी। टेंडर का काम उनके द्वारा पूर्ण कर दिया था।

जिसका भुगतान खाते में करवाने के बदले लोक निर्माण शाखा नगर पालिका परिषद के बाबू संजय तिवारी द्वारा 15.5 प्रतिशत के हिसाब से 52 हजार रूपए की मांग की जा रही है। बिल का भुगतान आवेदक की कम्पनी के खाते में हो गया है।

लेकिन भुगतान के बाद से बाबू संजय तिवारी द्वारा रिश्वत नहीं देने पर एफडीआर और बैंक गारंटी रोकने तथा भविष्य में नगर पालिका परिषद में कोई काम नहीं देने की धमकी दी जा रही है।

ठेकेदार की शिकायत का सत्यापन कराए जाने के बाद लोकायुक्त एसपी अंजू पटले ने एक टीम गठित कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। लोकायुक्त दल ने बाबू संजय तिवारी से बातचीत के जरिए 38000 रुपए रिश्वत लेने की बात पुख्ता की।

वहीं आवेदक द्वारा 25000 रुपए की व्यवस्था होने पर 8 अप्रैल को आरोपी संजय तिवारी लिपिक को नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में कंप्यूटर कक्ष में रंगे हाथ ट्रैप किया गया।आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण  अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2) के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है। ट्रेप दल में निरीक्षक राहुल गजभिए, टीएलओ निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया एवम् लोकायुक्त का दल मौजूद था।