Jabalpur News: कोलकाता से नगर निगम के लिए पाइप लेकर आए ट्रक ड्राइवर की हत्या

Jabalpur News: कोलकाता से नगर निगम के लिए पाइप लेकर आए ट्रक ड्राइवर की हत्या

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। संजीवनी नगर थाना अंतर्गत शाही तालाब के पास एक ट्रक ड्राइवर की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि वारदात को अंजाम ट्रक के कंडक्टर ने दिया है जो फरार है। वारदात की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंचे गोरखपुर CSP, थाना प्रभारी ने पंचनामा कार्यवाही करते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

गोरखपुर CSP एमडी नगोटिया ने बताया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक खड़े ट्रक में एक व्यक्ति मृत हालत में पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाकर देखा तो मृतक माधव रजक जो दमोह जिले के पथरिया का निवासी है। मृतक ट्रक चालक था, जो कि कोलकाता से नगर निगम के पानी के पाइप लोड कर संजीवनी नगर लाया था।

बताया जाता है कि परिचायक (कन्डेक्टर) और ट्रक चालक के बीच किसी बात को लेकर वाद विवाद हो गया था। जिसके बाद कंडक्टर ने पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें घायल माधव रजक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाते हुए आरोपी कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।