Jabalpur News: कैंट बोर्ड प्रशासन के खिलाफ गोलबंदी की तैयारी,12 को जन आंदोलन समिति सीईओ को देंगी चेतावनी पत्र
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कैंट बोर्ड द्वारा बढ़ाए गए टैक्स व बाजार रेंट को लेकर विरोध के स्वर मुखर हो रहे हैं। पहले जनप्रतिनिधियों के सहारे व्यापारियों व कैंट के रहवासियों ने राहत पाने का प्रयास किया। लेकिन जब बात नहीं बनी तो अब खुद ही कैंट बोर्ड प्रशासन के खिलाफ गोलबंदी करने की तैयारी में व्यापारी,आम नागरिक व किसान जुट गए हैं।
स्थानीय लोगो ने अपने आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए छावनी जन आंदोलन समिति का गठन किया है। जिसकी पहली चौपाल शनिवार को सदर काली मंदिर के समीप आयोजित हुई। इस चौपाल में तय किया गया है कि 12 मार्च को कैंट बोर्ड सीईओ को अपनी मांगों से जुड़ा एक चेतावनी पत्र दिया जाएगा।
जिसमें निर्धारित समय सीमा पर अगर मांगे पूरी नहीं होगी,तब बोर्ड प्रशासन के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि छावनी जन आंदोलन समिति में सभी राजनैतिक ,समाजिक व अन्य संगठनों से जुड़े पदाधिकारी शामिल है। वहीं चौपाल में यह भी तय किया गया है कि पूरा आंदोलन जन सहयोग से चलाया जाएगा।