Jabalpur News: तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े युवकों को रौंदा, 1 की मौत

Jabalpur News: तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े युवकों को रौंदा, 1 की मौत

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। धनवंतरी नगर चौराहे में सड़क किनारे खड़े बाइक सवार युवकों को तेज रफ्तार कार के चालक ने रौंद दिया। नशे में धुत कार चालक युवकों को टक्कर मारते हुए एक मकान की दीवार से टकरा गया। दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। 2 घायल युवकों को उपचार के लिए मेडिकल में भर्ती कराया गया था।

आसपास खड़े लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और घटना की जानकारी धनवंतरी नगर पुलिस को दी। सूचना पर गढा थाना सहित धनवंतरी नगर पुलिस चौकी का स्टाफ ने आरोपी MP20Z82934 कार के चालक को हिरासत में ले लिया है। 

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी भानू दीक्षित ने बताया कि गढ़ा तरफ से तेज रफ्तार एक सफेद किया कार लहराते हुए आई और टक्कर मारते हुए आगे की ओर बढ़ गई, जैसे-तैसे लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। नशे में धुत कार चालक ने आगे चौराहे पर खड़े 4 युवकों को रौंद दिया।

दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, पुलिस ने प्राथमिक पूछताछ के बाद मृतक के परिजनों को सूचित करते हुए घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया है। आरोपी चालक राजू ने पुलिस को बताया कि कार अरविंद चौधरी की है, वह बुकिंग में गाड़ी चलाता है। आज शराब पिया था और उसके बाद जब बाईपास होते हुए घर जा रहा था, तभी यह एक्सीडेंट हो गया।

हादसे में मृतक की पहचान गणेश प्रसाद कुमार निवासी अधारताल महाराजपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने बेटे शुभम के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने आया था और सड़क किनारे पानी लेने के दौरान हादसे का शिकार हो गया।