Jabalpur News: कब्र से निकाली गई ऑटो चालक लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पेट्रोल के पास मिली थी ऑटो

Jabalpur News: कब्र से निकाली गई ऑटो चालक लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पेट्रोल के पास मिली थी ऑटो

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। 18 अप्रैल की रात से लापता ऑटो चालक का शव आज बुधवार को शहर के चौहानी श्मशान घाट से कब्र खोदकर निकाला गया। दरअसल, अधारताल निवासी युवक दीपक जो कि ऑटो चालक था। वह 18 अप्रैल की रात 9 बजे घर निकलने के बाद से लापता था, जब परिजन उसे खोजने निकले तो उसका ऑटो लावारिस हालत में घमापुर-भानतैलया पानी टंकी के समीप स्थित पेट्रोल पंप के सामने खड़ा मिला।

जिसके बाद से परिजन काफी परेशान थे, क्योंकि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में ऑटो वहां खड़ा करने वाला शख्स कोई और ही था। दीपक को खोजने के दौरान पुलिस ने विक्टोरिया अस्पताल में मृतक हुए एक व्यक्ति की तस्वीरें, परिजनों को दिखाई।

पुलिस ने बताया कि स्नेह नगर यादव कालोनी क्षेत्र में 19 अप्रैल की सुबह उक्त व्यक्ति मिला था,जिसे क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस से विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया था। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। तस्वीरों को देखकर परिजऩो ने मृतक की पहचान दीपक के रूप में की। 

पड़ताल में यह बात सामने आई कि मृतक की पहचान नहीं होने के कारण मदन महल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे चौहानी श्मशान घाट में दफन करवा दिया था। मृतक की शिनाख्त होने के बाद बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दीपक सिंह का शव कब्र से निकालकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपा गया।

मृतक के भाई दिलीप सिंह ने अब इस मामले में गंभीर दावे किए हैं। भाई का कहना है कि दीपक की मौत प्राकृतिक नहीं है, बल्कि इसके पीछे कोई गहरी साजिश या वारदात छिपी है। पुलिस का कहना है कि उस वक्त शिनाख्त न होने और शव के Decompose की वजह से डॉक्टरों की सलाह पर उसे लावारिस मानकर दफना दिया गया था।