Jabalpur News: मझौली के भटरिया मोहल्ला में देर रात हादसा, मकान का छप्पर गिरने से दबे दंपत्ति की मौत
मझौली के वार्ड नंबर-12 में रात करीब 3 बजे मकान की दीवार सहित छप्पर गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई।

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मझौली के वार्ड नंबर-12 में रात करीब 3 बजे मकान की दीवार सहित छप्पर गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। कच्चे मकान के बाजू में पक्के मकान में रहने वाले बेटे ने सुबह करीब 5 बजे देखा तो माता-पिता मलबे में दबे हुए थे। चीख-पुकार के बाद मौके पर पहुंचे पड़ोसियों और पुलिस ने मलबा हटाया, लेकिन तक तक दंपत्ति की मौत हो चुकी थी। प्राथमिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने पति-पत्नी की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मझौली पुलिस ने बताया कि भटरिया मोहल्ला में अशोक दाहिया 45 साल अपनी पत्नी विमला बाई दाहिया 40 साल के साल के साथ रहते थे। दंपत्ति के बच्चे बाजू वाले पक्के मकान में सो रहे थे। रात करीब 3 बजे बारिश के बीच मकान की दीवार, छप्पर सहित टूटकर गहरी नींद में सो रहे पति-पत्नी पर गिर गई। सुबह मकान के बाजू में रहने वाले बेटे विपिन दाहिया 25 साल ने देखा कि घर एक हिस्सा टूटकर गिर गया है। विपिन ने माता-पिता को आवाज लगाई, लेकिन जवाब न मिलने पर वह टूटे हुए मलबे के उपर गया तो देखा कि माता-पिता नीचे दबे हुए हैं। बचाव के लिए पुलिस को सूचना देते हुए पड़ोसियों को आवाज लगाई। करीब आधा घंटे के प्रयास के बाद दंपत्ति को मबले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत होना बताया है।
बताया जाता है कि पड़ोस में रहने वाले चौबे परिवार के मकान की कच्ची दीवार दाहिया परिवार के घर में गिरी और उनका मकान डह गया। बारिश होने के कारण चौबे और दाहिया परिवार के मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। मझौली में हुए इस हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन क्षेत्र के जर्जर कच्चे मकान को चिन्हित करने की कवायद शुरू कर दी है।
एएसपी सुर्यकांत शर्मा ने बताया कि सुबह- सुबह सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर-12 में रहने दाहिया परिवार पर मकान का मलबा गिर गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मलबे से दंपत्ति को बाहर निकाला है। घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।