JABALPUR NEWS: बेजुबानों को बचाने छेड़ी मुहिम, अब घर-घर होंगे पक्षियों के आशियाने,सामान्य वनमण्डल जबलपुर का नवाचार, घरौंदा अभियान की शुरआत

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहरी सीमा में घटते वृक्ष और मौसमी मार के चलते बेजुबान पक्षियों के लिए कई बार काल बन जाती है। इन बेजुबानों के दर्द को देखते हुए मुख्य वन संरक्षक मध्य वनवृत्त जबलपुर कमल अरोरा के दिशा निर्देशन पर वन मण्डलाधिकारी, सामान्य वनमण्डल जबलपुर ऋषि मिश्रा द्वारा आरा मिल एसोसिएशन जबलपुर के साथ मिलकर एक पहल का आगाज किया गया। जिसके तहत शहर व आस पास के क्षेत्रों में आम जनमानस को जागरूक करते हुए प्रत्येक घर में पक्षियों के लिए घरौंदे रखने हेतु प्रेरित करने का निर्णय लिया गया।
प्राय: शहरी क्षेत्रों में देखा जा रहा है कि पक्षी घरों में अपना घोंसला बना लेते हैं जिसे अज्ञानतावश आमजनों द्वारा नष्ट कर दिया जाता है। बदलते मौसम की मार से इंसान खुद को तो बचा लेता है, लेकिन बेजुबान पक्षी खुद को नहीं बचा पाते। इस कारण गर्मी-सर्दी व आंधी-तूफान जैसे मौसम बेजुबान पक्षियों के लिए कई बार काल बन जाते है। इन बेजुबानों के दर्द को देखते हुए वनमण्डल अधिकारी श्री ऋषि मिश्रा के मार्गदर्शन में जबलपुर का सम्पूर्ण वन अमला सामने आया है।
जिसने पूरे शहर के प्रत्येक घर में पक्षियों के लिए घरौंदे रखने का निर्णय लिया है। जिसका आगाज किया जा चुका है। वनमण्डलाधिकारी ऋषि मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक वन अधिकारियों को एक घरौंदा प्रदान कर इस अभियान का आगाज किया गया है। घरौंदा अभियान का उद्देश्य यह है कि पक्षी इन घरोंदों को अपना आशियाना बनाएं और हर परिस्थिति में सुरक्षित रह पाएं। इस पहल की जमकर सराहना भी हो रही है।
घरौंदा अभियान केवल पक्षियों के लिए घरौंदे रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें इन घरौंदों में दाना व पानी की व्यवस्था करने के लिए भी पहल की गयी है। ताकि चिड़िया आदि छोटे पक्षी इन घरौंदों में आसानी से रह पाएं और खाने-पीने के लिए पक्षियों को अधिक परेशानी भी ना उठानी पड़े। वनमण्डलाधिकारी ऋषि मिश्रा द्वारा आगे बताया गया कि घरौंदा अभियान को जबलपुर में सफल बनाकर सम्पूर्ण प्रदेश में इसका विस्तार किया जाएगा।