Jabalpur News: संजीवनी क्लीनिकों को लेकर चल रही जांच के एसीएस हेल्थ पहुंचे जिला अस्पताल विक्टोरिया, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

Jabalpur News: संजीवनी क्लीनिकों को लेकर चल रही जांच के एसीएस हेल्थ पहुंचे जिला अस्पताल विक्टोरिया, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। संजीवनी क्लीनिकों के लिए आयी राशि में हुए गोलमाल को लेकर चल रही जांच के बीच लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) अशोक वर्णवाल के जबलपुर पहुंचने से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। शनिवार को जिला अस्पताल जबलपुर में अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा कलेक्टर जबलपुर द्वारा संयुक्त रूप से निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन एवं जिला अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन का अवलोकन कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी, ठेकेदार एवं संबंधित अभियंताओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन निर्माण में सुरक्षा मानकों, तकनीकी गुणवत्ता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

इसके उपरांत अधिकारियों द्वारा जिला अस्पताल की ओपीडी पंजीयन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अस्पताल में उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक मरीज की आभा (ABHA) आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए, ताकि नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।

निरीक्षण दल ने अस्पताल परिसर स्थित विभिन्न ओपीडी कक्षों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, उपचार सुविधाओं, रोगी अनुकूल वातावरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश प्रदान किए गए। अधिकारियों द्वारा अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशाला, पैथोलॉजी विभाग एवं जिला औषधि भंडार (डिस्ट्रिक्ट स्टोर) का भी निरीक्षण किया गया।

औषधियों के भंडारण, रख-रखाव एवं उपलब्धता संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही दवाओं के वैज्ञानिक भंडारण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग एवं बेहतर रख-रखाव की भी सराहना की गई।

इस अवसर पर क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. भरत कुमार खटीक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी, पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमिता जैन, ब्लड बैंक नोडल अधिकारी डॉ. अमितोज भल्ला, उप संचालक डॉ. एकांश राय, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. संजय जैन, आरएमएनसीएचओ समन्वयक निहार दीवान सहित जिला अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।