Jabalpur News: ग्राम गदेरी में मिला 12 किलो वजनी जिंदा बम, पुलिस ने आर्मी के हवाले किया

Jabalpur News: ग्राम गदेरी में मिला 12 किलो वजनी जिंदा बम, पुलिस ने आर्मी के हवाले किया

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। खमरिया थाना अंतर्गत डुमना एयरपोर्ट के पास ग्राम गदेरी में शुक्रवार शाम को मकान निर्माण के दौरान खुदाई में जमीन में दबा जिंदा बम मिलने से हड़कंप मच गया।बम मिलने की सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस बम स्क्वॉड टीम के साथ मौके पर पहुंचा।

जांच में पता चला कि यह भारी-भरकम जिंदा बम है, जिसकी मारक क्षमता करीब 50 मीटर तक बताई जा रही है।जिसके बाद पुलिस ने बम को सेना के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया है, जिसे डिफ्यूज किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जमीन के अंदर मिला बम यूएक्सओ (UXO) है। 

जानकारी के मुताबिक ग्राम गदेरी निवासी सुनील यादव के प्लॉट पर भवन निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के लिए पिलर की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन से करीब 3 से 4 फीट नीचे मजदूरों को एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी।उन्होंने वस्तु को देखा तो बम होने की आशंका पर तुरंत पुलिस को सूचना दी। जमीन के अंदर बम मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

 https://www.instagram.com/reel/DY80yjVR192/?igsh=cmx3cmhwamlndzFq

इसके बाद खमरिया थाना पुलिस ने सेना के अधिकारियों को सूचना दी। खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंच गया। टीम ने पूरे इलाके को सुरक्षित कर संदिग्ध वस्तु की जांच की। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि वह एक जिंदा यूएक्सओ (UXO) बम है, जिसका वजन करीब 12 किलो से अधिक बताया जा रहा है।