Jabalpur News: शनिवार को RDVV के शैक्षणिक विभागों में लटके मिले ताले, कुलगुरु एक्शन मोड में, शोकॉज नोटिस की तैयारी
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) के शैक्षणिक विभागों में शनिवार को अघोषित अवकाश रहता है। हालात यह है कि कई शैक्षेणिक विभागों के तो ताले तक नहीं खुलते हैं,फिर क्लास लगने की बात तो दूर है। इस हकीकत से खुद RDVV कुलगुरु भी रूबरू हो गए, जब उन्होने ने विभागों का औचक निरीक्षण किया। अब कुलगुरु के निरीक्षक के बाद गायब मिले शिक्षकों व अन्य स्टॉफ को शोकॉज नोटिस थमाने की तैयारी है। संभवता: वर्किंग डे मंगलवार को विश्वविद्यालय प्रशासन इस दिशा में बड़ी कार्यवाही कर सकता है।
दरअसल, कुलगुरु प्रोफेसर राजेश वर्मा को शिकायत मिल रही थी कि शनिवार को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विभाग बंद रहते हैं। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए कुलगुरु गत शनिवार को एमसीए डिपार्टमेंट छापामार शैली में पहुंचे। वे खुद भी भौंचके रह गए ,डिपार्टमेंट के मुख्य गेट पर ही ताला लटका हुआ था। विभाग प्रमुख से लेकर अतिथि विद्वान व चपरासी तक गायब थे।
इसी तरह उन्होने ने गणित विभाग का निरीक्षण किया तो वहां महज एक अतिथि विद्वान मौजूद पाया गया। जिसके बाद कुलगुरु ने दोनों विभागों के प्रमुखों व अन्य को शोकॉज नोटिस भेजने के निर्देश दिए हैं। शोकॉज नोटिस जबाव आने के बाद आगे की कार्यवाही होगी।
सख्ती का संदेश- कुलगुरु ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अब शैक्षेणिक विभागों से गायब रहने वाले शिक्षकों व अन्य स्टॉफ पर सख्त कार्यवाही होगी। उन्होने ने अतिथि विद्वानों व विजिटिंग फैक्ल्टी पर भी कार्यवाही किए जाने की बात कही है। दरअसल, शासन के निर्देश पर प्रशासनिक कार्यो से जुड़े अधिकारियों - कर्मचारियों का शनिवार को अवकाश होता है। लेकिन इस व्यवस्था से शैक्षेणिक विभागों को अलग रखा गया है। इसीलिए उनका कार्यालय उपस्थिति का समय भी अलग रखा गया है। लेकिन विश्वविद्यालय के शैक्षेणिक विभागों के ताले शनिवार को बंद ही रहते हैं।
कुलगुरु प्रोफेसर राजेश वर्मा ने कहा कि शैक्षेणिक विभागों में नियमित क्लासें लगे,इस बात पर पूरा फोकस किया जा रहा है। शनिवार को शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रहती है, केवल प्रशासनिक भवन में अवकाश रहता है। लेकिन कुछ विभाग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। यह बात गत दिवस मेरे द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में भी सामने आयी हैं। जिसके चलते अब सख्त कार्यवाही की जाएगी, पहले अनुपस्थित रहने वालों को शोकॉज नोटिस देकर जबाव मांगा जाएगा। फिर आगे प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी।