Jabalpur News: माढ़ोताल स्थित सुकून होटल बी एन्ड बी भी हुई सील

Jabalpur News: माढ़ोताल स्थित सुकून होटल बी एन्ड बी भी हुई सील

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर।आवासीय मद की भूमि का व्यावसायिक उपयोग करने तथा होटल संचालन संबंधी अनुमति और फायर एनओसी नहीं पाये जाने पर प्रशासन की कार्यवाही में माढ़ोताल स्थित सुकून होटल बी एन्ड बी को सील कर दिया गया है। नायब तहसीलदार आधारताल राजेश मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर निगम, फूड सेफ्टी एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने सुकून होटल बी एन्ड बी का निरीक्षण कर यह कार्यवाही की।

एसडीएम आधारताल पंकज मिश्रा के अनुसार निरीक्षण करने गई टीम ने पाया कि माढ़ोताल खसरा नंबर 51/2/5 की जिस 6 हजार 570 वर्गफुट भूमि पर सुकून होटल बी एन्ड बी संचालित है, वह गौतम हिरानी, आशा देवी हिरानी और गोविन्द हिरानी (प्रत्येक का हिस्सा 2 हजार 190 वर्गफुट) के नाम भूमि स्वामी हक में दर्ज है।

इस भूमि पर मकान निर्मित है तथा अभिलेख में आवासीय मद में व्यपवर्तित है, जबकि इसका उपयोग व्यावसायिक रूप में किया जा रहा है। इस भूमि को विवेक त्रिपाठी द्वारा किराए पर लेकर होटल संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद होटल के मैनेजर सुशील बिरहा द्वारा वर्तमान उपयोग के अनुरूप कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराये गये।

होटल संचालन सबंधी अनुमति पत्र तथा फायर एवं अन्य दस्तावेज भी नहीं प्रस्तुत किये जा सके। मौका स्थल पर किराए का अनुबंध भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। एसडीएम आधारताल के मुताबिक सुकून होटल बी एन्ड बी में सुरक्षा मानकों उपयोग नहीं किया जा रहा था। अग्निशमन यंत्र भी निरीक्षण के दौरान नहीं पाये गये। आपतकालीन निकासी की व्यवस्था भी इस होटल में नहीं थी।