Jabalpur News: बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट में बेटियों ने एक बार फिर बाजी मारी
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। फरवरी-मार्च में आयोजित हुई 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का परीक्षाफल आज बुधवार को एक माह बाद अपरान्ह घोषित कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन, भोपाल से एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं, 12वीं एवं विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डी.पी.एस.ई.) मुख्य परीक्षा 2026 के परीक्षा परिणाम घोषित किए। परीक्षा परिणाम में इस वर्ष प्राइवेट स्कूलों की बजाए सरकारी स्कूलों ने बाजी मारी है।
सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 76.8 फीसदी, तो वहीं प्राईवेट का 68.64 फीसदी रहा। इस वर्ष भी छात्रों की तुलना में छात्राओं ने एक बार फिर नए कीर्तिमान हासिल किए। साथ ही इस वर्ष किसी भी विद्यार्थी का परिणाम पूरक घोषित नहीं किया गया है। पन्ना की प्रतिभा सोलंकी ने प्रदेश की टॉप 10 सूची में 500 में से 499 नंबर लाकर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रदेश के 378 स्टूडेंट्स मैरिट में आए।
जिले में मॉडल स्कूल जबलपुर की बारहवीं की छात्रा श्रेया जैन ने 496 और शा. सांदीपनी विष्णुदत्त हा.से. स्कूल सिहोरा की 10वीं की छात्रा रश्मि गडरी ने भी 496 अंक लाकर प्रदेश की टॉप टेन सूची में चौथा स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढाया है। वहीं राजश्री विश्वकर्मा ने 493 नंबर के साथ 7वें एवं अनिकेत कोष्टा 491 अंक के साथ 9वें स्थान पर रहे।
जिले में 10वीं के सरकारी स्कूलों ने एक बार फिर बाजी मारते हुए 80.59 फीसद के साथ नया कीर्तिमान रचा, तो वहीं जिले के प्राईवेट स्कूल 68.20 फीसद के साथ पीछे रहे। हायर सेकेंडरी स्कूल के परीक्षा परिणाम में कृति पांडे 484 अंक के साथ बाँयो विषय में प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया है। वहीं ओम चौकसे 482 अंक, अनम अंसारी 481 अंक एवं अल्फिया अंजुम 480 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10वें पायदार पर आकर प्रदेश में जबलपुर का नाम रोशन किया है। ओम बायोलॉजी, अनम कॉमर्स और अल्फिया आर्टस विषय के विद्यार्थी हैं। सभी मेरिट सूची वाले विद्यार्थियों को प्रशासन समेत स्कूल स्टॉफ ने बधाईयां प्रेषित की हैं।
गौरतलब है कि कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं फरवरी माह में आयोजित हुई थीं। जिले में दोनों ही कक्षाओं के 43 हजार 72 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा के लिए पंजीयन कराया था, जिसमें से कुछ बच्चों ने परीक्षा नहीं दी। मोबाइल पर रिजल्ट देखने के लिए कई लिंक विभाग ने जारी की हैं। इसमें बच्चे आसानी से रिजल्ट देख सकेंगे।
जिले में दोनों ही परीक्षाओं के लिए 100 केन्द्र बनाए गए थे, जिनमें शहरी क्षेत्रों में 47 और ग्रामीण क्षेत्रों में 53 केन्द्र बने थे। इनमें से 96 केन्द्र नियमित परीक्षार्थियों के लिए थे, जबकि 4 केन्द्रों में प्राइवेट विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी।
बीते 16 सालों में सबसे बेहतर रिजल्ट- एमपी बोर्ड 12वीं रिजल्ट में इस साल 76.01 फीसद छात्र पास हुए हैं। बीते 16 साल में यह सबसे अच्छा रहा रिजल्ट रहा है। खुशी राज और कुमारी चांदनी विश्वकर्मा दोनों ने 500 में से 494 अंक लाकर एमपी बोर्ड 12वीं रिजल्ट में टॉप किया है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि इस बार भी बेटियों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। मेरिट में भी बेटियां आगे रही हैं।