Jabalpur News: बरगी हादसे में लापता चार की तलाश में जुटा प्रशासन, विशेष विमान से दो शव भेजे जा रहे तमिलनाडु

Jabalpur News: बरगी हादसे में लापता चार की तलाश में जुटा प्रशासन, विशेष विमान से दो शव भेजे जा रहे तमिलनाडु

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। बरगी क्रूज हादसे में लापता चार लोगों की जानकारी आज शनिवार सुबह तक भी नहीं मिल पाई है। मौके पर रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। मंत्री राकेश सिंह सहित कलेक्टर जबलपुर राघवेन्द्र सिंह मौके पर नजर रखे हुए हैं। आज शनिवार की सुबह से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमें प्रशासनिक रिकार्ड के लिहाज से लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। जबलपुर के सुरक्षा संस्थाना आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) के श्रमिक नेता कामराज व तीन बच्चों को तलाश पर प्रशासन का पहला फोकस है।

विमान से भेजे जा रहे शव- वहीं इस हादसे में श्रमिक नेता कामराज की पत्नी व साली के शव को आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर विशेष विमान द्वारा उनके गृहनगर त्रिचि तमिलनायडू भेजने की तैयारी की जा रही थी। कर्मचारी नेता अर्नबदास गुप्ता ने बताया कि तमिलनायडू सरकार ने भी एयरपोर्ट से शव घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की है। ज्ञात हो कि नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध में 30 अप्रैल की शाम पर्यटकों से भरे क्रूज के डूबने की दुखद घटना के बाद लगातार चल लगातार रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है। आज शनिवार की सुबह कलेक्टर जबलपुर राघवेन्द्र सिंह ने पुन: एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमों को सक्रिय किया।

दोषियों पर गिरी गाज- बरगी जलाशय में हुए दुखद क्रूज हादसे में लापरवाही के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच संस्थित की गई है। 

सीएम के दौरे के बाद प्रशासन सख्त- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के जबलपुर प्रवास के बाद प्रशासन और सख्त हो गया। सीएम ने इस मामले में सख्ती के आदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है । डॉ. मोहन यादव ने बरगी बांध में हुई क्रूज दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।