Jabalpur News: डीएसडब्ल्यू ने दिया इस्तीफा, आरडीयू प्रशासन ने लगाए गए आरोपों पर मांगा स्पष्टीकरण

Jabalpur News: डीएसडब्ल्यू ने दिया इस्तीफा, आरडीयू प्रशासन ने लगाए गए आरोपों पर मांगा स्पष्टीकरण

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीयू) में हाल के दिनों में सामने आए विवादों और प्रशासनिक तनाव के बीच एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. विवेक मिश्रा ने अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दें दिया है। उन्होंने कुलगुरु को संबोधित पत्र में यह निर्णय विश्वविद्यालय में घटित घटनाक्रम और प्रशासन के नकारात्मक रवैये के कारण लिया जाना बताया है।

प्रो. मिश्रा द्वारा 16 मार्च को दिए गए अपने त्यागपत्र में उल्लेख किया गया है कि विश्वविद्यालय में बीते दिनों हुए घटनाक्रमों को देखते हुए तथा विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा किए गए नकारात्मक व्यवहार और असहयोग के कारण उनके लिए पद पर बने रहना संभव नहीं रह गया था। उन्होंने लिखा है कि आत्मसम्मान की रक्षा को ध्यान में रखते हुए वे अधिष्ठाता छात्र कल्याण के कार्यभार से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र दे रहे हैं।

वही आरडीयू प्रशासन ने डीएसडब्ल्यू को एक और नोटिस थमाते हुए त्यागपत्र में लगाएं गये आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा है। विश्वविद्यालय के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, छात्र मामलों से जुड़े कई मुद्दों पर प्रशासन और डीएसडब्ल्यू कार्यालय के बीच समन्वय की स्थिति बेहतर नहीं थी।युवा उत्सव के आयोजन के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा में प्रश्न पूछे जाने के बाद आरडीयू प्रशासन ने प्रो मिश्रा को शोकाज नोटिस दिया था। इसी पृष्ठभूमि में यह इस्तीफा सामने आया है, जिसने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक हलकों में नई चर्चा को जन्म दे दिया है। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।