Jabalpur News: गौर सेंट एलाॅयसिस काॅलेज के दो छात्र डूबे, 48 घंटे बाद भी नहीं मिले

Jabalpur News: गौर सेंट एलाॅयसिस काॅलेज के दो छात्र डूबे, 48 घंटे बाद भी नहीं मिले

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। 13 मार्च को जमतरा घाट पर पिकनिक मनाने गए सेंट एलॉयसिस कॉलेज के दो छात्र नदी की गहराई में समा गए। जिसके बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक डूबे हुए छात्रों का पता नहीं चल पाया है।अब सोमवार की सुबह फिर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक 13 मार्च की शाम करीब 4 बजे सेंट एलाॅयसिस काॅलेज के हाॅस्टल में रह कर अध्ययन कर रहे छात्र एडविन जॉर्ज और जॉनी इक्का अपने साथियों के साथ जमतरा पहुंचे थे। पानी में नहाने के दौरान दोनों छात्र अचानक नदी के एक तेज भंवर की चपेट में आ गए और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए।

गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे ने बताया कि घटना की 13 मार्च को सूचना मिलते ही पुलिस बल और गोताखोरों की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया था। पिछले दो दिनों से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन नदी की गहराई और कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण अभी तक दोनों छात्रों का कोई पता नहीं चल सका है।

48 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी छात्रों का सुराग न मिलना प्रशासन और परिजनों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। अनूपपुर और अम्बिकापुर निवासी एडविन जॉर्ज 23 वर्ष और जॉनी इक्का 23 वर्ष दोनों ही कॉलेज के हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे थे। इस दुखद खबर के बाद कॉलेज परिसर और हॉस्टल में सन्नाटा पसरा हुआ है और साथी छात्र गहरे सदमे में हैं।