Jabalpur News : गौर-बरेला मार्ग पर ग्रामीणों ने लगाया जाम, जमतरा हादसे में मृत युवक की लाश सड़क पर रख किया प्रदर्शन
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। गत सोमवार को अवैध उत्खनन कारियों पर छापामारी के दौरान मची भगदड़ में आकाश बर्मन नामक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से हुई मौत मामले में आज मंगलवार को ग्रामीणों ने गौर-एकता मार्केट के पास हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को 10 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी जाए। वहीं दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
स्थिति को भांपते हुए तत्काल ही मौके पर एसडीएम सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने ने ग्रामीणों से चर्चा कर मामले को शांत कराया। वहीं मृतक युवक के परिजनों को एक लाख की आर्थिक सहायता तत्काल दी गई। इसके साथ ही शासन की अन्य योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का लिखित आश्वासन दिया।
वही एसडीएम ने कहा कि युवक मौत किन कारणों से हुई इसकी जांच कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि गौर चौकी अंतर्गत नर्मदा नदी के जमतरा घाट में अवैध रेत उत्खनन की सूचना जिला प्रशासन को मिली थी, जिस पर कार्रवाई करने एसडीएम के नेतृत्व में एक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान टीम को देख मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई।
कुछ युवक नदी की ओर भागे। इसी दौरान आकाश बर्मन नामक युवक नदी में गिर गया और गहराई में चले जाने के कारण वह बाहर नहीं आ सका। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। ग्रामीणों का आरोप था कि युवक को जानबूझकर नदी में गिराया गया था। जिसके बाद से ग्रामीण आक्रोशित थे।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DXYjsm5EcVB/?igsh=Z3F2anI4OXQwemIy