Jabalpur News: रांझी की यातायात अव्यवस्था को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने उठाई आवाज
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने रांझी क्षेत्र के दर्शन तिराहे से बड़े पत्थर तक फैली अव्यवस्था, ऑटो चालकों की मनमानी तथा दुकानों के सामने अतिक्रमण के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया।
ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष वत्स, शहर नगर कमेटी के महासचिव रविन्द्र कुशवाहा एवं जग्गू विश्वकर्मा अन्य पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस नेताओं ने यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अंजना तिवारी से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। मुलाकात के दौरान पदाधिकारियों ने क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ASP ने तत्काल यातायात थाना घमापुर की प्रभारी (TI) शशि धुर्वे को आवश्यक निर्देश दिए।निर्देश प्राप्त होते ही TI शशि धुर्वे ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया तथा दर्शन सिंह तिराहे पर उपस्थित आम जनों से चर्चा कर स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्हें क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं से विस्तार से अवगत कराया गया। निरीक्षण उपरांत TI ने आश्वासन दिया कि रांझी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने के लिए शीघ्र ही ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे आमजनता को राहत मिल सके।