Jabalpur News: गौर हिनौतिया से शादी में पाटन गए युवक की हत्या

Jabalpur News: Murder of a youth who went to Patan for marriage with Gaur Hinautia

Jabalpur News: गौर हिनौतिया से शादी में पाटन गए युवक की हत्या

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। दोस्त की शादी में शामिल होने गौर हिनौतिया से पाटन के मादा गांव गए युवक की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला करते हुए हत्या कर दी। शादी समारोह के बीच युवकों की किस बात को लेकर विवाद हुआ फिलहाल इसकी जानकारी किसी को नहीं है। पाटन पुलिस मामले की जांच करते हुए फुटेज सहित संदेहियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

पाटन पुलिस ने बताया कि बुधवार को रामपुर निवासी बब्लू अहिरवार की बारात पाटन के ग्राम मादा आई थी। बारात में गौर हिनौतिया निवासी सुनील अहिरवार पिता शुक्ला अहिरवार 31 साल भी गया हुआ था। रात करीब 11:30 बजे बारात लग रही थी, डीजे में तेज आवाज में गाना बज रहा था। सुनील का साथी कृष्णा अहिरवार मंदिर के समीप पीपल के पेड़ के पास पहुंचा तो देखा कि सुनील जमीन पर लहूलुहान पड़ा हुआ था।

कृष्णा ने मौके पर अपने साथी राकेश, महेश और अंकित को बुलाया तो सुनील कुछ बोलेन की स्थिति में नहीं था। सुनील के पैर सहित पेट से खून निकल रहा था। 108 एम्बूलेंस से सुनील को शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मेडिकल रेफर कर दिया। मेडिकल पहुंचते-पहुंचते सुनील की मौत हो गई।

एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर ने बताया कि गौर हिनौतिया क्षेत्र का रहने वाला युवक शादी समारोह में शामिल होने ग्राम मादा आया था। हमलावरों ने धारदार हथियार से चोट पहुंचाई है। वारदात का कारण और आरोपी अज्ञात हैं, पुलिस मामले की विस्तृत जांच-पड़ताल करते हुए आरोपी तक पहुंचने के हरसंभव प्रयास कर रही है।