Jabalpur News: संस्कारधानी की सांस्कृतिक एवं प्रतीकात्मक पहचान बनेंगे चौराहें

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बुधवार को जबलपुर शहर के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया।

मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि जबलपुर संस्कारधानी के मुख्य प्रवेश मार्ग अंधमुख बायपास चौराहे सहित पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख चौराहों यथा आदि शंकराचार्य चौक, रानी अवंती बाई चौक, धनवंतरी नगर चौराहा, मेडिकल (नेताजी सुभाष चंद्र बोस) चौक, त्रिपुरी चौक एवं रामपुर चौक का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण की वर्तमान स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रत्येक चौराहे पर मौजूद समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं को भी समझा गया। मंत्री ने कहा कि मेरा उद्देश्य है कि संस्कारधानी के मुख्य मार्ग और चौराहे न केवल व्यवस्थित हों, बल्कि अपनी पहचान और गरिमा के अनुरूप आकर्षक भी दिखें।संस्कारधानी की सांस्कृतिक एवं प्रतीकात्मक पहचान इन चौराहों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

सभी चौराहों के सुंदर और भव्य स्वरूप में विकास, मनमोहक बागवानी, उचित प्रकाश व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण निर्माण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज बिज, नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।