Jabalpur News: शहीद वीर पुलिस कर्मियों को किया याद, पुलिस महानिरीक्षक पुष्प चक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। भारत में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को ‘‘पुलिस शहीद स्मृति दिवस’’ मनाया जाता है। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष 21 अक्टूबर को भारत में 66 वॉ ‘‘पुलिस शहीद स्मृति दिवस’’ मनाया गया। 21 अक्टूबर 1959 को पूर्वी लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में देश की सुरक्षा की प्रथम पंक्ति तैनात केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) के एक छोटे से गस्तीदल पर चीनी सेना द्वारा भारी संख्या में घात लगाकर हमला किया गया था।
इस लड़ाई में सामना करते हुए 10 केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) के जांबाज सैनिकों ने आटोमेटिक वेपन से लेस चीनी सेना का सामना करते हुये अपने प्राणों की आहुती दी थी। देश के इतिहास में यह पहला मौका था जब सीमा पर सेना नही, पुलिस के जवान शहीद हुए थे।
माह जनवरी 1960 में दिल्ली में पुलिस महानिरीक्षकों के सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया कि, इन शहीद वीर पुलिस कर्मियों की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूवर को ‘‘पुलिस शहीद स्मृति दिवस’’ के रूप में मनाया जाए। तभी से 21 अक्टूबर के दिन उन वीर पुलिस कर्मियों का स्मरण करते हुये श्रृध्दा भाव से श्रद्वांजली अर्पित करतें है जिन्होंने देश की अखण्डता व एकता की रक्षा करनें में अपने प्राणों की आहुती दी है तथा देश प्रेम त्याग और बलिदान की सर्वोच्च परंपरा स्थापित की है।
6वीं प्रशिक्षण वाहिनी वि.स. बल जबलपुर में मंगलवार को शहीद वीर पुलिस कर्मियों की स्मृति में ‘‘ पुलिस शहीद स्मृति दिवस’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन जबलपुर प्रमोद वर्मा (भा.पु.से.), के 6वीं वाहिनी पहुंचने पर जिला पुलिस बल, एस.ए.एफ. तथा होमगार्ड के प्लाटूनों ने सलामी दी।
मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन जबलपुर प्रमोद वर्मा (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस सेवा के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर वर्ष 2024-2025 में मध्यप्रदेश के शहीद हुए 11 पुलिस कर्मियों के उनके नाम के वाचन सहित देश भर में राष्ट्र की सेवा में अपने सर्वाेच्च बलिदान से पुलिस बल का गौरव बढ़ाते हुए शहीद हुए जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया । इस वर्ष हमारे मध्यप्रदेश पुलिस के 11 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है।
शहीद जवानों में निरीक्षक स्व. संजय पाठक, निरीक्षक स्व. रमेश कुमार धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक स्व. रामचरण गौतम, सहायक उप निरीक्षक स्व. महेश कुमार कोरी, प्रधान आरक्षक स्व. संतोष कुशवाह, प्रधान आरक्षक स्व. प्रिंस गर्ग, प्रधान आरक्षक स्व. अभिषेक शिंदे, प्रधान आरक्षक स्व. गोविंद पटेल, आरक्षक स्व. अनुज सिंह, आरक्षक स्व. सुंदर सिंह बघेल एवं आरक्षक स्व. अनिल यादव शामिल हैं।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज जबलपुर अतुल सिंह (भा.पु.से), पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.), जोनल पुलिस अधीक्षक पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, तथा नगर पुलिस अधीक्षक/उप पुलिस अधीक्षक एवं 6वीं बटालियन के अन्य अधिकारी/कर्मचारी तथा शहीदों के परिजन उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों के द्वारा शहीद स्मारक में पुष्प चक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजली दी गई।