Jabalpur News: लीज में मिली जमीन के विवाद के बीच डॉक्टर हेमलता श्रीवास्तव का निधन

Jabalpur News: लीज में मिली जमीन के विवाद के बीच डॉक्टर हेमलता श्रीवास्तव का निधन

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। नगर निगम से लीज में मिली जमीन के विवाद के बीच उम्रदराज नेपियर टाउन निवासी वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमलता श्रीवास्तव का इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से चिकित्सा जगत और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।

बताया जा रहा है कि वे कुछ समय से अस्वस्थ थीं और उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के साथ ही उनको लीज में मिली करीब 20 हजार वर्ग फीट जमीन को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। जिसकी कीमत करोड़ों में है। 

उल्लेखनीय है कि उनकी प्रॉपर्टी को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। आरोप लगाए जा रहे थे कि एक जैन परिवार द्वारा उनकी जमीन हड़पने का प्रयास किया गया। मामले ने तूल पकड़ने के बाद प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू की थी। राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

संबंधित पक्षों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। हालांकि, अभी तक जांच पूरी नहीं हुई है और प्रशासन की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है। डॉ. श्रीवास्तव के निधन के बाद अब इस विवाद की दिशा क्या होगी, इस पर भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।