Jabalpur News: युवती की हत्या कर शव खेत की मेढ़ पर फेंका, पहचान छिपाने चेहरा कुचला
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। चौकी नुनसर और थाना माढ़ोताल की बार्डर ग्राम सिमरिया में रविवार को खेत की मेढ़ पर एक अज्ञात युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती की सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर एएसपी सुर्यकांत शर्मा सहित पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए हैं। फोरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया गया है। वहीं आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। युवती के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। उन्होंने बताया कि मृतका के साथ यौन उत्पीड़न की संभावना भी है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतका नाबालिग है या वयस्क। पुलिस को एक 17 वर्षीय लड़की की गुमशुदगी की शिकायत मिली है और उसके परिजनों को पहचान के लिए बुलाया गया है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DUx2TmMDxek/?igsh=eGxrcXdlZHlmenZu
एएसपी सुर्यकांत शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतका की पहचान और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।