Jabalpur News: रांझी बड़ा पत्थर में शराब दुकान का विरोध, कांग्रेस ने जलाया पुतला
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी जेडीए मार्केट बड़ा पत्थर क्षेत्र में शराब दुकान खोले जाने का विरोध किया जा रहा है। रविवार को कांग्रेस नेताओं ने शराब दुकान के विरोध में पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने शराब दुकान के सामने धरने पर जब-तक बैठे रहे जब तक उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल गया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि पूर्व से ही बड़ा पत्थर क्षेत्र में एक शराब दुकान संचालित की जा रही है, जिसके कारण क्षेत्र में चारों ओर शराबी शराब पीते मिल जाते हैं, और गंदगी का आलम होता है।
ऐसी स्थिति में प्रशासन द्वारा जेडीए मार्केट बड़ा पत्थर में एक और शराब की दुकान खोला जाना अव्यवस्था को जन्म दिया जाना है। उक्त स्थान से 100 मीटर से कम दूरी में दुर्गा मंदिर तथा शिवजी का मंदिर स्थित है। इसी स्थान से रांझी क्षेत्र का ऐतिहासिक दुर्गा प्रतिमा एवं गणेश प्रतिमा चल समारोह निकाला जाता है। सामने भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पार्क है।
जहां संविधान निर्माता की प्रतिमा लगाया जाना प्रस्तावित है। उक्त स्थान एक नई शराब दुकान खोले जाने के लिए उपयुक्त नहीं है, तथा वर्ष 2026– 27 के लिए जारी गाइडलाइन में भी उपरोक्त दुकान बड़ा पत्थर –2 के नाम से उल्लेखित है। जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वर्तमान में संचालित स्थान से उक्त दुकान गांधी चौक के बीच अविवादित स्थल पर ही संचालित की जा सकती है।
ऐसे में जेडीए मार्केट बड़ा पत्थर में उक्त दुकान संचालित किया जाना नियम विरुध है।इसी तरह उक्त परिपत्र में स्पष्ट है, कि दो दुकानों के बीच 300 मीटर से अधिक की दूरी होना चाहिए। उक्त नियम का पालन भी नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे शराब ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही दुकान को वहां से हटा लेंगा। इस अवसर पर कांग्रेस के राजेंद्र मिश्रा, यतेंद्र सोनी, महेश मिश्रा, मनोज लोधी आदि मौजूद थे।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DX4lgJZhpCi/?igsh=MTlzMmlhajR0dng4