Jabalpur News: घने कोहरे के कारण बरेला हाईवे पर हुआ सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से कार पलटी
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। घने कोहरे के कारण बरेला हाईवे रोड पर देर रात एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। मजदूरी का कार्य कर लौट रहे लोगों से भरी एक ओमनी कार को पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 10 BG 7866 ने तेज रफ्तार और लापरवाही से टक्कर मार दी, जिससे कार सड़क पर पलट गई। यह हादसा 4 जनवरी 2026 की रात करीब 12:10 बजे उस समय हुआ, जब ओमनी कार सहजपुर की ओर से काम समाप्त कर बरेला की दिशा में लौट रही थी।
क्षेत्र में अत्यधिक कोहरा छाया हुआ था, जिसके कारण वाहन सावधानीपूर्वक और धीमी गति से चलाए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ओमनी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। कई लोगों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ को मामूली चोटें भी आई हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को निजी वाहनों से जबलपुर के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि अधिक कोहरे के कारण ट्रक चालक घटना के बाद सड़क किनारे रुक गया था। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा ट्रक क्रमांक CG 10 BG 7866 के चालक के विरुद्ध जांच की जा रही है।