Jabalpur News: अवैध उत्खनन कारियों को दबोचने जिला प्रशासन और पुलिस ने मारा छापा, भगदड़ एक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से मौत

Jabalpur News: अवैध उत्खनन कारियों को दबोचने जिला प्रशासन और पुलिस ने मारा छापा, भगदड़ एक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से मौत

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सोमवार को अवैध उत्खनन कारियों पर छापामारी के दौरान मची भगदड़ में आकाश बर्मन नामक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने छापेमारी में शामिल पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाएं हैं। घटना गौर चौकी अंतर्गत जमतरा पुल के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस के पास अवैध रेत उत्खनन की सूचना आई थी, जिस पर कार्रवाई करने जिला प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान टीम को देख मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई। कुछ युवक नदी की ओर भागे। इसी दौरान आकाश बर्मन नामक युवक नदी में गिर गया और गहराई में चले जाने के कारण वह बाहर नहीं आ सका। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर मौजूद माइनिंग टीम को घेर लिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।

एएसपी सुर्यकांत शर्मा ने बताया कि सोमवार को एसडीएम, सीएसपी सहित माइनिंग विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान जमतरा नर्मदा घाट में आकाश बर्मन नामक युवक जो कि खिरहनी बरगी निवासी हैं उसकी डूबने से मौत हो गई‌। पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। जिसके बाद वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DXWiD-iEVxd/?igsh=MWpjd21mM2lmNG5iZw==