Jabalpur News: RDVV की कार्यपरिषद बैठक में हंगामा, ABVP ने प्रशासनिक अव्यवस्थाओं पर उठाए गंभीर सवाल

Jabalpur News: RDVV की कार्यपरिषद बैठक में हंगामा, ABVP ने प्रशासनिक अव्यवस्थाओं पर उठाए गंभीर सवाल

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में शुक्रवार को कार्यपरिषद की बैठक के दौरान अभूतपूर्व हंगामा देखने को मिला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा पूर्व में प्रस्तुत 19 सूत्रीय मांगों के निराकरण न होने के विरोध में विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया गया, जिसके बीच आयोजित कार्यपरिषद बैठक में मौजूद सदस्यों ने बैठक के मध्य से वॉकआउट कर दिया और विरोध और आंतरिक असंतोष के कारण बैठक अपने निर्धारित एजेंडे पर आगे नहीं बढ़ सकी।

विद्यार्थी परिषद का आरोप है कि विश्वविद्यालय में छात्रों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। डिग्री, अंकसूची (मार्कशीट) एवं अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों के लिए विद्यार्थियों को बार-बार भटकना पड़ रहा है। परीक्षाओं का आयोजन समयबद्ध ढंग से नहीं हो पा रहा है तथा परीक्षा परिणामों की घोषणा में भी अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिससे संपूर्ण शैक्षणिक सत्र प्रभावित होने की स्थिति में पहुंच गया है।

परिषद ने यह भी कहा कि प्रशासनिक स्तर पर समन्वय का अभाव और निर्णय लेने में विलंब विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को पंगु बना रहा है। सूत्रों के अनुसार, बैठक के मध्य ही विश्वविद्यालय के ऑनलाइन सेंटर के आरके गुप्ता एवं कार्यपरिषद सदस्य वेदप्रकाश तिवारी के बीच तीखी बहस हो गई, जो ‘तू-तू, मैं-मैं’ तक पहुंच गई।

इसके साथ ही विश्वविद्यालय के UICSA विभाग की विभागाध्यक्ष ने भी बैठक के मध्य कंप्यूटर सॉफ्टवेयर आदि सुविधाओं की अनुपलब्धता पर गंभीर आपत्ति की, उनका कहना था कि बार बार प्रशासन से अनुरोध करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है और उनके लिए छात्रों और पालकों को उत्तर देना कठिन होता जा रहा है। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कुछ कार्यपरिषद सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए वॉकआउट कर दिया।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DU-_OolgfFT/?igsh=Z3h3aTdmZDZsN2Zw

कुलगुरु ने सदस्यों को बाहर कार तक आकर रोकने का प्रयास किया परंतु कुलगुरु के निवेदन के बावजूद उनका आक्रोश शांत नहीं हुआ और सदस्य निकल गए। सदस्यों ने विश्वविद्यालय में व्याप्त अराजकता, प्रशासनिक असंतुलन एवं शैक्षणिक गिरावट पर भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।

विद्यार्थी परिषद ने आरोप लगाया है कि कृषि, बीसीए, एमसीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। प्रयोगशालाओं, संसाधनों एवं शैक्षणिक संरचना में कमियां छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। परिषद का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों के अविवेकपूर्ण निर्णयों और विलंबित कार्यप्रणाली का सीधा खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।

शुक्रवार की घटना ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली और आंतरिक समन्वय पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। कार्यपरिषद जैसी सर्वोच्च नीति-निर्धारण इकाई की बैठक का इस प्रकार हंगामे के बीच भंग हो जाना विश्वविद्यालय की वर्तमान स्थिति का संकेत माना जा रहा है। छात्र संगठनों और कार्यपरिषद सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों ने स्पष्ट कर दिया है कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सुधार की तत्काल आवश्यकता है।