Jabalpur News: RDVV कर्मचारी संघ चुनाव अटके, कर्मचारी गुटों में बन रहे टकराव के हालात
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ चुनाव को लेकर फिर पेंच फंस गया है। बड़ी कवायद के बाद जैसे-तैसे निर्वाचन अधिकारी की घोषणा हुई तो अब मतदाता सूची को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई है। जिसके चलते चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नही हो पा रही है।
दरअसल, संघ चुनाव प्रक्रिया के तहत कुलगुरु कि अनुमति से निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति होने के साथ ही अधिसूचना जारी हो जाती है। जिसके बाद संघ की प्रमाणित मतदाता सूची निर्वाचन अधिकारी को प्रकाशन के लिए सौंपी जाती है। लेकिन दो उपाध्यक्ष व महासचिव द्वारा तैयार की गई मतदाता सूची पर अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल हस्ताक्षर करने से आनाकानी कर रहे हैं।
इतना ही नहीं अध्यक्ष अब महासचिव से संघ के वार्षिक लेनेदेने का हिसाब प्रस्तुत करने को कह रहे हैं,जबकि संघ का एकाउंट कोषाध्यक्ष और अध्यक्ष के हस्ताक्षर से संचालित होता है। बात साफ है कि वीरेंद्र पटेल गु्रप चुनाव प्रक्रिया को किसी भी तरह से टालने में लगा हुआ है। वहीं दूसरी तरफ प्रेम प्रकाश पुरोहित ग्रुप व वंश बहोर पटेल-संजय यादव गुट चुनाव कराए जाने के पक्ष में है।
अब अध्यक्ष आमसभा भी नही बुला सकते - मतदाता सूची पर हस्ताक्षर करने से मना कर रहे वीरेंद्र पटेल ने 16 मार्च को आमसभा बुलाई है। वहीं कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष रहे प्रेमप्रकाश पुरोहित ने कहा कि नियमानुसार तो संघ के पदाधिकारियों का कार्यकाल एक वर्ष का होता है। जो कि 2 मार्च को पूरा हो चुका है।
बात साफ है कि अब कार्यकाल पूरा होने के बाद कोई भी पदाधिकारी संघ के लेटरपेड का उपयोग करने का अधिकारी नहीं रह गया है। ऐसे में पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल द्वारा बुलाई गई आम सभा सरासर गलत है। अगर उन्हें आमसभा बुलानी थी तो दो मार्च के पहले बुलानी चाहिए थी।
संघ उपाध्यक्ष पुरोहित ने आरोप लगते हुए कहा कि वीरेंद्र पटेल बिना चुनाव कराए विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से पद में बने रहना चाहते हैं। लेकिर ऐसा होने नहीं दिया जाएगा। इस मामले में अब कुलगुरु जो कि संघ के संरक्षक है,उन्हें फैसला लेते हुए जल्द चुनाव की तिथियां घोषित करनी होगी।