Jabalpur News: ABVP ने वेटेनरी विश्वविद्यालय में किया प्रदर्शन, कुलसचिव का मांगा इस्तीफ़ा
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) महानगर द्वारा नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय में व्याप्त विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षणिक अनियमितताओं को लेकर कुलपति को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विश्वविद्यालय में छात्रों के हितों की लगातार उपेक्षा, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी, छात्रावास एवं मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति तथा वित्तीय अनियमितताओं जैसे गंभीर विषयों पर तत्काल निष्पक्ष जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
एबीवीपी ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि पॉलिटेक्निक डिप्लोमा संविदा भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों से अत्यधिक शुल्क वसूला गया, जो अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तुलना में अनुचित एवं मनमाना है। परिषद ने अतिरिक्त राशि वापस करने तथा शुल्क निर्धारण प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग की।
महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने बताया कि विश्वविद्यालय में कई नियुक्तियां नियमों एवं पारदर्शी प्रक्रिया को दरकिनार कर की गई हैं, संविदा सहायक प्राध्यापक भर्ती में योग्य अभ्यर्थियों की उपेक्षा, विभागीय कर्मचारियों के अवैध स्थानांतरण तथा प्रशासनिक पदों पर मनमानी नियुक्तियों को लेकर परिषद ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अभाविप ने विश्वविद्यालय परिसर में संचालित कैंटीन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा छात्रावासों में आई दरारों को भी गंभीर चिंता का विषय बताया। परिषद ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्यों की गुणवत्ता अत्यंत खराब है, जो भ्रष्टाचार एवं लापरवाही की ओर संकेत करता है। लिहाजा कुलसचिव को इस्तीफा देना चाहिए।
अभाविप ने स्पष्ट कहा कि यदि शीघ्र ही इन सभी विषयों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो परिषद छात्रहित एवं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा की रक्षा हेतु व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर परिषद के महानगर मंत्री आर्यन पुंज, ऐश्वर्या सोनकर , शोभित मिश्रा , दिव्यांक पचौरी, प्रफुल तिवारी , भास्कर पटेल , सत्यम पटेल , आशुतोष पटेल सहित सभी ने एक स्वर में विद्यार्थियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से प्रभावी कार्यवाही करने का आग्रह किया।