Jabalpur News: 48 घंटे बाद मिला शैलेष शव, तैराक होने के बाद भी डूब गया था

Jabalpur News: 48 घंटे बाद मिला शैलेष शव, तैराक होने के बाद भी डूब गया था

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। होली पर रंग गुलाल खेलने के बाद दोस्तों के साथ बरगी 'जीरो प्वॉइंट' से करीब आधा किलोमीटर आगे नहाने गए युवक शैलेष की लाश करीब 48 घंटे के रेस्क्यू के बाद शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे पानी में उतराती हुई मिली है। पुलिस ने शैलेष की लाश का पानी से निकालकर प्राथमिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की विस्तृत जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

बरगी पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया था कि शैलेष को डूबता देख मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने उसे बचाने का प्रयास किया था, लेकिन वह गहरे पानी में डूब गया। थाना में गुमशुदगी दर्ज कराए जाने पर पुलिस द्वारा स्थानीय गोताखोरों व एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में लगातार जुटी रही है।

पुलिस के अनुसार बरगी नगर जैन मंदिर के पास रहने वाले शैलेष नेमा ने बुधवार दोपहर 12 बजे तक अपने घर के पास ही साथियों के साथ होली खेली, उसके बाद दोस्त रोहन और सागर के साथ बरगी के जीरो प्वॉइंट के आगे स्नान करने गया था। डेम में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया, शैलेष ने मदद के लिए आवाज लगाई जिसे सुनकर आसपास मौजूद गोताखोरों ने बचाने के लिए पानी में छलांग लगाई, लेकिन तब तक वह पानी में डूब चुका था।

परिजनों व करीबियों का कहना था कि शैलेष अच्छा तैराक था। पत्थरों और अधिक पानी होने के कारण शैलेष संभल नहीं पाया और देखते ही बहाव में बह गया हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि सामान्य रूप से तैराकी करना अलग है। हो सकता है कि पानी में गिरते वक्त पत्थर की चोट शैलेष को लग गई हो। थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि लाश को पानी से बाहर निकालने के बाद पीएम के लिए भेजा गया है।