Jabalpur News: स्टेट बार चुनाव: 138 में से 19 उम्मीदवारों के फॉर्म रिजेक्ट, प्रशांत सिंह अध्यक्ष बने

Jabalpur News: स्टेट बार चुनाव: 138 में से 19 उम्मीदवारों के फॉर्म रिजेक्ट, प्रशांत सिंह अध्यक्ष बने

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल के 12 मई को होने वाले चुनाव से पहले बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कुल 138 उम्मीदवारों में से 19 के नामांकन फॉर्म निरस्त कर दिए गए हैं, जिसके बाद हाईकोर्ट परिसर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है, जहां इस फैसले को चुनौती देने वाली दो विशेष अनुमति याचिकाओं पर सोमवार को सुनवाई होगी।

इसी बीच, मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त हो जाने पर बार कॉउन्सिल ऑफ़ इंडिया ने स्पेशल कमेटी का गठन करके महाधिवक्ता प्रशांत सिंह को कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। काउंसिल के आदेश के अनुसार 11 उम्मीदवार बार के पदाधिकारी होने के कारण अयोग्य घोषित किये गए। 3 उम्मीदवारों पर अनुशासनात्मक समिति में प्रकरण लंबित हैं। वहीं 5 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें जबलपुर के 4 उम्मीदवार धन्य कुमार जैन, पारितोष त्रिवेदी, मनीष मिश्रा और ज्योति राय के नामंकन दूसरे बार एसोसिएशन में पदाधिकारी होने के कारण निरस्त किए गए हैं।

जैन का आरोप- “यह सोची-समझी साजिश”-

नामंकन पत्र निरस्त होने के बाद शुक्रवार को मप्र हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.के. जैन, सचिव परितोष त्रिवेदी, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष मिश्रा और पदाधिकारी ज्योति राय ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। श्री जैन ने बार कॉउन्सिल के निर्वाचन अधिकारी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कार्रवाई पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा है।

कुछ उम्मीदवार नहीं चाहते कि हम लोग चुनकर स्टेट वार पहुंचे। यदि हम जीतकर वहां पहुँचते तो उन लोगों को बार कॉउन्सिल में हुए कारनामों की पोल खुलने का अंदेशा था। श्री जैन का कहना है कि जिस नियम के आधार पर नामांकन खारिज किए गए, वह 2016 से लागू है, लेकिन अब तक कभी इस तरह लागू नहीं किया गया।